
अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी कार; दो की माैत, तीन घायल
पोल खोल न्यूज़ । कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार रात को सड़क हादसे में दो लोगों की माैत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार चडी-घेरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर नीचे खड्ड के किनारे जा पहुंची। हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के सभी पार्ट अलग होकर बिखर गए। इस दर्दनाक हादसे में एक जेबीटी शिक्षक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग शुक्रवार रात को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में हनुमान मंदिर के पास चालक ने अचानक कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार सड़क से नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। वहीं, मृतकों की पहचान करण बहादुर(40) पुत्र वीर बहादुर और करीना देवी(18) पुत्री सुरेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों मृतक ग्राम पंचायत भितलू के गांव कुट के निवासी थे। करण बहादुर राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्याडा में बतौर जेबीटी शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे में घायल तीन अन्य व्यक्तियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला रेफर दिया गया है, जहां वे उपचाराधीन हैं।
ये भी पढ़ें:हिमाचल में प्री-प्राइमरी स्कूल और डे-केयर पर सख्ती: बिना रजिस्ट्रेशन नहीं चलेगा कोई केंद्र
चश्मदीदों के मुताबिक हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के टायर, इंजन और अन्य पार्ट्स अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे थे। हादसा शुक्रवार की देर रात हुआ। रास्ता सुनसान होने और अंधेरा होने के कारण रात के समय किसी को भी इस हादसे की भनक नहीं लगी। शनिवार सुबह जब राहगीर वहां से गुजरे और उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी के पुर्जे देखे तो हादसे का पता चला। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author: Polkhol News Himachal








