

हमीरपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार, 2026 में अब तक 38 मामले दर्ज, 66 आरोपी गिरफ्तार
130 ग्राम से अधिक हेरोइन और 117 ग्राम चरस बरामद, नशे की खपत पर रोक लगाने पर पुलिस का फोकस
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस ने इस साल आक्रामक अभियान शुरू कर दिया है। वर्ष 2026 की शुरुआत से ही पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। 1 जनवरी से अब तक नशे से जुड़े 38 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे की कमर तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
नशा निवारण बोर्ड तथा पुलिस आंकड़ों के अनुसार इस साल अब तक की कार्रवाई में 130.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 117.4 ग्राम चरस बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार से जुड़े ₹1,12,400 नकद भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 64 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

2025 में भी रही सख्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में पूरे साल के दौरान 119 मामले दर्ज किए गए थे और 191 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशा बरामद किया था, जिसमें 7.095 किलोग्राम चरस, 637.28 ग्राम हेरोइन और 500 नशीली गोलियां व कैप्सूल शामिल हैं।
इसके साथ ही नशे के अवैध धंधे से कमाए गए ₹2,89,590 नकद भी पुलिस ने जब्त किए थे।
खपत खत्म करने पर फोकस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में मुख्य लक्ष्य नशे की खपत को खत्म करना है। इसी के तहत इस साल अब तक ड्रग सेवन के 21 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो वर्ष 2025 में दर्ज कुल 35 मामलों की तुलना में काफी तेज रफ्तार को दर्शाता है।
पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को खत्म करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
इन्फो बॉक्स : नशे के खिलाफ कार्रवाई (2026)
- दर्ज मामले : 38
- गिरफ्तार आरोपी : 66
- बरामद हेरोइन : 130.01 ग्राम
- बरामद चरस : 117.4 ग्राम
- जब्त नकद : ₹1,12,400
इन्फो बॉक्स : 2025 का वार्षिक रिकॉर्ड
- कुल मामले : 119
- गिरफ्तार आरोपी : 191
- चरस बरामद : 7.095 किलोग्राम
- हेरोइन बरामद : 637.28 ग्राम
- नशीली गोलियां/कैप्सूल : 500
- जब्त नकद : ₹2,89,590
नशा निवारण बोर्ड की अपील :
नशा निवारण बोर्ड के संयोजक नरेश ठाकुर ने अपील की है कि अगर किसी क्षेत्र में नशे से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या नजदीकी थाने को सूचना दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।
Author: Polkhol News Himachal








