

डंके की चोट पर : जल शक्ति विभाग के ही पानी के 3 सैंपल फेल, अब तक 40 लोग पीलिया की चपेट में, सूरज स्वीट्स संचालक ने कहा” कोई नोटिस नहीं मिला
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

जिला मुख्यालय हमीरपुर के नजदीक बडू व आसपास के क्षेत्रों में पीलिया के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब तक इस क्षेत्र में करीब 40 लोग पीलिया से प्रभावित हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच में तीन नए मामले सामने आए हैं, जिनमें एक स्कूली छात्र भी शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जल शक्ति विभाग द्वारा भी पेयजल स्रोतों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में जल शक्ति विभाग के वाटर टैंक से लिए गए दो पानी के सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में दूषित पानी की आशंका और बढ़ गई है। इसके अलावा जल शक्ति विभाग के ही सप्लाई से एक नल से लिया गया सैंपल भी फेल हुआ है। वहीं क्षेत्र के सूरज स्वीट्स संचालक अशोक धमीजा ने मीडिया में छपी उन खबरों को निराधार बताया है जिसमें रेस्टोरेंट के दूषित पानी को पेयजल उठाऊ योजना में फेंके जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी किसी विभाग का नोटिस नहीं मिला है।

अलग-अलग क्षेत्रों से भरे गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों से पानी के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजे हैं। इन सैंपलों को माइक्रोबायोलॉजी लैब, मेडिकल कॉलेज में परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच में सामने आया कि कुछ सैंपलों में बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई है, जो पीलिया फैलने का कारण बन सकता है।
अब तक एक वाटर टैंक से लिए गए दो सैंपल फेल पाए गए हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों से भी पानी के सैंपल लेकर जांच की जा रही है।
कई गांवों में सामने आए मामले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीलिया के मामले करीब 9 गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों में सामने आए हैं।

सरकारी स्कूल के करीब 14 बच्चे भी प्रभावित पाए गए हैं, जबकि 12 से अधिक मरीज अभी उपचाराधीन हैं। विभाग की टीम लगातार गांवों का दौरा कर रही है और मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवा रही है।
घर-घर जाकर कर रहे स्वास्थ्य जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं। जिन लोगों में लक्षण दिखाई दे रहे हैं उन्हें तुरंत उपचार दिया जा रहा है।
इसके साथ ही विभाग लोगों को साफ पानी पीने और उबालकर पानी उपयोग करने की सलाह भी दे रहा है ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
एक बच्चा अस्पताल में भर्ती
पीलिया के बढ़ते मामलों के बीच एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इन्फो बॉक्स
पीलिया से जुड़ी मुख्य बातें:
- अब तक 40 लोग पीलिया से प्रभावित
- 3 नए मामले हाल ही में आए
- जल शक्ति विभाग के वाटर टैंक के 2 सैंपल फेल, एक नल से लिया सैंपल फेल
- कई गांवों में बीमारी के मामले
- एक बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती
- लोगों को उबालकर पानी पीने की सलाह
Author: Polkhol News Himachal








