

हमीरपुर में पंचायतों का बड़ा पुनर्गठन: 14 पंचायतों का अस्तित्व खत्म, 10 का स्वरूप बदला और 9 नई पंचायतें बनीं
रजनीश शर्मा । हमीरपुर

जिला हमीरपुर में पंचायतों के पुनर्गठन के बाद अब पंचायतों की संख्या में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जिले में पहले जहां 248 पंचायतें थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर 243 पंचायतें रह गई है। आगामी पंचायत चुनाव अब इसी नई संरचना के अनुसार कराए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार पिछले पांच वर्षों में जिले में शहरी क्षेत्र का विस्तार हुआ है। नगर निगम हमीरपुर, नगर पंचायत भोरंज और बड़सर के गठन तथा नगर परिषद नादौन के विस्तार के कारण कई पंचायतें शहरी इकाइयों में शामिल हो गईं। इसके चलते 14 पंचायतों का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो गया, जबकि 10 पंचायतों के स्वरूप और क्षेत्रफल में बदलाव किया गया है।
वहीं पंचायत राज विभाग ने संतुलन बनाए रखने के लिए जिले में 9 नई पंचायतों का गठन भी किया है, जिससे ग्रामीण प्रशासनिक ढांचे को व्यवस्थित किया जा सके।
विकास खंडों में पंचायतों की स्थिति
- नादौन ब्लॉक में पहले 59 पंचायतें थीं, पांच पंचायतें नगर परिषद में शामिल होने और पंचायतें बनने से संख्या 62 हो गई।
- भोरंज ब्लॉक में पहले 39 पंचायतें थीं, अब पुनर्गठन के बाद 45 पंचायतें हो गई हैं।
- बमसन ब्लॉक में पहले 45 पंचायतें थीं, पुनर्गठन के बाद अब 25 पंचायतें रह गई हैं।
- बिझड़ी ब्लॉक में पहले 52 पंचायतें थीं, अब नगर पंचायत बनने से 49 पंचायतें रह गई हैं।
- हमीरपुर ब्लॉक में नगर निगम बनने के बाद पंचायतों की संख्या घटकर 38 रह गई है।
- सुजानपुर ब्लॉक में पहले 22 पंचायतें थीं, अब नई पंचायतों के गठन से संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
नई गठित पंचायतें
पंचायतीराज विभाग द्वारा कई नई पंचायतें बनाई गई हैं, जिनमें प्रमुख रूप से संगरोह कलां, जख्योल , दस्मल, ककरोहल, बल्हद, बड़ई(धनोटू ) और चमराल, नघु, लंजयाणा शामिल हैं।
प्रशासन का कहना है कि पंचायतों के पुनर्गठन का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

Author: Polkhol News Himachal









