

NH-03 पर तेज़ी से दौड़ा निर्माण कार्य: बराड़ा के पटनौण चौक में वाइंडिंग शुरू, सपनेहड़ा के लिए बनेगा अप्रोच रोड
पेयजल की 33 पाइप लाइनें शिफ्ट, 31 मार्च से पहले हमीरपुर-आवाहदेवी सेक्शन पूरा करने का लक्ष्य
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

अटारी से लेह को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे नंबर-03 के हमीरपुर-आवाहदेवी सेक्शन पर शेष बचे निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसियों ने काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बराड़ा के पटनौण चौक में सड़क की वाइंडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पटनौण चौक में सपनेहड़ा की ओर जाने के लिए अप्रोच रोड का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवाजाही सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य में बाधा न आए इसके लिए क्षेत्र में पेयजल की 33 पाइप लाइनों को पहले ही शिफ्ट कर दिया गया है। इससे निर्माण के दौरान पाइप टूटने और पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी समाप्त हो गई है।
इसके साथ ही हाईवे से जुड़े करीब सात जंक्शनों को पक्का करने का काम भी जारी है। परियोजना के तहत माइल स्टोन, रोड मार्किंग, साइन बोर्ड और स्ट्रीट लाइट चालू करने का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है। संबंधित एजेंसियों का लक्ष्य है कि 31 मार्च से पहले सभी कार्य पूरे कर दिए जाएं, ताकि इस सेक्शन पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु हो सके।
क्या कहते हैं अधिकारी
नेशनल हाईवे परियोजना से जुड़े इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि हमीरपुर से आवाहदेवी तक के एनएच-03 सेक्शन को 31 मार्च से पहले पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा के भीतर युद्ध स्तर पर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को जल्द बेहतर , सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सके।

Author: Polkhol News Himachal








