

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने ली करवट, लाहौल में शुरू हुई बर्फबारी
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलते ही लाहौल-स्पीति के रोहतांग और शिंकुला दर्रा में बुधवार को हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में वीरवार को तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 17 मार्च तक प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
वीरवार को कुल्लू और लाहौल में वीरवार सुबह से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। लाहौल में बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं, मनाली में भी हल्की बारिश हो रही है। बारिश के बाद करीब डेढ़ माह से चल रहे ड्राई स्पैल के टूटने के आसार हैं। बागवानों व किसानों को बारिश शुरू होने से उम्मीद जगी है।

धर्मशाला में वीरवार को मौसम ने करवट ले ली है। यहां सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, मौसम भी ठंडा हो गया है। अब लोगों को दोबारा गर्म कपड़े निकालने पड़ गए हैं।
भुंतर में ओलावृष्टि, प्लम को नुकसान
वीरवार सुबह कुल्लू के भुंतर में ओलावृष्टि हुई है। ओलावृष्टि से प्लम को भारी नुकसान हुआ है। प्लम के पौधों में इन दिनों फूल खिले हुए थे। ओले गिरने का क्रम कुछ देर तक जारी रहा। हालांकि कुल्लू में लोगों को गर्मी से निजात मिली है।
Author: Polkhol News Himachal








