

आरोग्य मंदिर मॉडल स्वास्थ्य केंद्र जंगल बेरी में नशा उन्मूलन दिवस का आयोजन
संजय ठाकुर | ऊहल

आज आरोग्य मंदिर मॉडल स्वास्थ्य केंद्र जंगल बेरी में नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत एक विशेष दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि नशा न केवल मानसिक संतुलन को बिगाड़ता है, बल्कि अपराध और हिंसा को भी बढ़ावा देता है। नशे की लत के कारण व्यक्ति और परिवार दोनों ही आर्थिक रूप से बर्बाद हो जाते हैं।
मादक पदार्थों की लत न केवल व्यक्ति के पतन का कारण बनती है, बल्कि इसके प्रभाव से जुड़े हर व्यक्ति के जीवन और मानसिक स्थिति पर भी गहरा आघात पहुंचता है। इसलिए, युवाओं, महिलाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के मुद्दे पर जन जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। आइए हम सब मिलकर अपने जिले/राज्य को नशामुक्त कराने का दृढ़ निश्चय करें। मैं प्रतिज्ञा करता हूँ कि अपने देश को नशामुक्त करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करूँगा।

नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा देश भर में चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज को मादक पदार्थों की लत से बचाना है। 15 अगस्त 2020 से शुरू हुआ यह अभियान जन जागरूकता, शिक्षण संस्थानों, पुनर्वास केंद्रों और परामर्श के जरिए नशे को जड़ से खत्म करने पर केंद्रित है। इस अवसर पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर इंदु धीमान, फीमेल हेल्थ सुपरवाइजर रविंद्र देवी, सौरभ ठाकुर, उर्वशी सहित अन्य लोग उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
Author: Polkhol News Himachal








