

*अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित*
पोल खोल न्यूज़ ।।हमीरपुर/नादौन

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नादौन विधानसभा क्षेत्र के पनसाई स्थित अंश होटल में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान की अध्यक्षता में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नारी शक्ति के योगदान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्चना चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकारों, उनके योगदान और उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और घर, शिक्षा, समाज तथा कार्यस्थल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी क्षमता, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि देश में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी कई योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा, सुरक्षा और स्वावलंबन ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। आज विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रही है। नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी मजबूत आधारशिला है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं की शक्ति, साहस और नेतृत्व को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि जब महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से संभव होता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा हस्तनिर्मित वस्तुओं और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों द्वारा सराहा गया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजकुमारी, अनीता गर्ग, नीलम चौधरी, शकुंतला देवी, अनीता ठाकुर, बीना कटोच, सविता शर्मा, कमलेश कुमारी, उषा, अलका ठाकुर और एडवोकेट अनीता चौधरी सहित अन्य महिला मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Author: Polkhol News Himachal








