

विवाद : पंचायत पुनर्गठन पर भड़के कजोटी के ग्रामीण, दर्जनों हस्ताक्षरों के साथ डीसी को भेजा ज्ञापन
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिले के काजोटी गांव के ग्रामीणों ने पंचायत पुनर्गठन/परिसीमन को लेकर कड़ा विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा तैयार किए जा रहे नए पंचायत ढांचे में उनके गांव को ऐसी पंचायत के साथ जोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने सैकड़ों हस्ताक्षरों के साथ उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है।

दूर की पंचायत से जोड़ने का विरोध
ग्रामीणों के अनुसार पहले उनका गांव वार्ड नंबर 7 के तहत दाड़ला पंचायत में शामिल था, लेकिन नए प्रस्ताव में इसे दूसरी बनी ब बड़ई पंचायत के साथ जोड़ा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस पंचायत के साथ उनका गांव जोड़ा जा रहा है वह काफी दूर है, जिससे आम लोगों को पंचायत से जुड़े काम करवाने में परेशानी होगी।ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में उन्हें पंचायत मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ेगा।

करोट पंचायत में शामिल करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके गांव को करोट पंचायत में शामिल किया जाए, क्योंकि यह पंचायत उनके गांव से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे लोगों को पंचायत से जुड़े कार्यों में सुविधा मिलेगी और प्रशासनिक कामकाज भी सुचारू रूप से हो सकेगा।
पहले भी दिया था प्रस्ताव
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इससे पहले भी एसडीएम सुजानपुर के माध्यम से अपना प्रस्ताव प्रशासन को भेजा था। इसके बावजूद हाल ही में जारी सूचना में उन्हें दूसरी पंचायत में शामिल करने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके प्रस्ताव पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पंचायत परिसीमन के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो उन्हें आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वह आने वाले पंचायत चुनावों का बहिष्कार भी करने के लिए मजबूर होंगे
इन्फो बॉक्स
मामला: पंचायत परिसीमन / पुनर्गठन
स्थान: कजोटी गांव, जिला हमीरपुर
मांग: कजोटी गांव को करोट पंचायत में शामिल किया जाए
कारण: वर्तमान प्रस्तावित बड़ई पंचायत गांव से काफी दूर

कार्रवाई: ग्रामीणों ने सैकड़ों हस्ताक्षरों के साथ उपायुक्त को भेजा ज्ञापन
पहले भी: एसडीएम के माध्यम से दिया जा चुका है प्रस्ताव

Author: Polkhol News Himachal








