

समीरपुर स्थित अपने आवास पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों के साथ मनाई होली
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

हमीरपुर जिला के समीरपुर स्थित अपने आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने होली का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक और शुभचिंतक दिनभर उनके निवास पर पहुंचते रहे और उन्हें होली की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
होली के इस अवसर पर पूरे वातावरण में उत्साह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। हमीरपुर जिला के विभिन्न भागों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रो. धूमल से मुलाकात कर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। इस दौरान प्रो. धूमल ने रंगों के बजाय फूलों की पंखुड़ियों से लोगों का स्वागत किया और उन पर पुष्प वर्षा कर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है तथा यह समाज में आपसी मतभेद भुलाकर एकता और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

ये भी पढ़ें :Bilaspur : अनियंत्रित होकर पत्थरों से टकराई तेज रफ्तार बाइक, पंजाब के युवक की मौत
प्रो. धूमल ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मकता, उल्लास और नई ऊर्जा का संचार करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार भारतीय संस्कृति की उस परंपरा का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास को सुदृढ़ करता है।
उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा प्रदेश और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। प्रो. धूमल ने कहा कि समाज में सौहार्द, भाईचारे और परस्पर सहयोग की भावना ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है, और ऐसे त्योहार इस भावना को और अधिक मजबूत करने का कार्य करते हैं।


Author: Polkhol News Himachal








