best news portal development company in india

“नल कनेक्शन कागज़ों में, घरों तक नहीं पानी: गब्बा गांव में डेढ़ साल से अटकी नई पाइप लाइन”

SHARE:

“नल कनेक्शन कागज़ों में, घरों तक नहीं पानी: गब्बा गांव में डेढ़ साल से अटकी नई पाइप लाइन”

दीपा चौहान। टौणी देवी 

टौणी देवी क्षेत्र के गब्बा गांव में पेयजल व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। जल शक्ति विभाग द्वारा नई पाइप लाइन बिछाने की योजना नवंबर 2024 से लटकी हुई है, जिसके चलते सात घरों तक आज भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने कई बार विभाग और प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन बजट की कमी का हवाला देकर समस्या टाल दी गई। अब गर्मियों से पहले पानी की किल्लत को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।


पाइप लाइन योजना अधर में, सात घरों को पानी नहीं

हमीरपुर जल शक्ति विभाग उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गब्बा गांव को उपरली दरोगण स्थित वाटर टैंक से नई पाइप लाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की योजना बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि पहले से बिछी पाइप लाइन से करीब 30 घरों को पानी के कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन दबाव कम होने के कारण कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता।

समस्या को दूर करने के लिए अलग से नई पाइप लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन विभाग के पास बजट उपलब्ध न होने के कारण यह काम भी अधूरा रह गया।


सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी हल नहीं

गांव की निवासी कविता कुमारी पत्नी सुनील कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन सात घरों की पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में इस मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।


विभाग ने बजट की कमी बताई वजह

जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नई पाइप लाइन बिछाने के लिए बजट उपलब्ध नहीं हो पाया है। जैसे ही बजट स्वीकृत होगा, काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।


गर्मी से पहले समाधान की मांग

गांव के लोगों ने स्थानीय विधायक, प्रशासन और सरकार से मांग की है कि गब्बा गांव की पेयजल समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो गर्मियों में उन्हें पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ेगा।


इन्फो बॉक्स

स्थान: गब्बा गांव, क्षेत्र टौणी देवी (जिला हमीरपुर)
समस्या: नई पाइप लाइन न बिछने से 7 घरों को पानी नहीं
पुरानी पाइप लाइन: करीब 30 घरों को कनेक्शन
मामला लंबित: नवंबर 2024 से
सीएम हेल्पलाइन शिकायत: नवंबर 2025
विभाग का कारण: बजट की कमी

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now