best news portal development company in india

हिमाचल से राज्यसभा के लिए अनुराग  पर कांग्रेस का दांव, कांगड़ा के संगठनात्मक चेहरे को बनाया उम्मीदवार

SHARE:

हिमाचल से राज्यसभा के लिए अनुराग  पर कांग्रेस का दांव, कांगड़ा के संगठनात्मक चेहरे को बनाया उम्मीदवार

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस के इस फैसले ने राजनीतिक हलकों में सभी को चौंका दिया है, क्योंकि अनुराग शर्मा का नाम संभावित उम्मीदवारों की सूची में प्रमुख रूप से सामने नहीं आ रहा था।

बैजनाथ के रहने वाले हैं अनुराग शर्मा

अनुराग शर्मा कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही कांगड़ा जिला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

आज ही भरेंगे नामांकन, जन्मदिन बना खास

अनुराग शर्मा आज शिमला स्थित विधानसभा परिसर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। खास बात यह है कि आज उनका जन्मदिन भी है, जिससे यह दिन उनके लिए और भी खास बन गया है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता इस मौके पर उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।

सुक्खू ने पहले ही दे दिए थे संकेत

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुछ दिन पहले ही संकेत दिए थे कि इस बार कांग्रेस बाहरी राज्य से उम्मीदवार नहीं उतारेगी। होली कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि पार्टी हिमाचल से ही किसी चेहरे को राज्यसभा भेजेगी और पूरी सतर्कता के साथ चुनावी रणनीति तय की जा रही है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।

2024 के अनुभव के बाद बदली रणनीति

दरअसल, वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी को उम्मीदवार बनाया था। उस चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन जीत गए थे। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस पर स्थानीय चेहरे को आगे लाने का दबाव बढ़ गया था और माना जा रहा है कि अनुराग शर्मा के चयन के पीछे यही रणनीति काम कर रही है।

इन वरिष्ठ नेताओं के नाम भी थे चर्चा में

राजनीतिक गलियारों में राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे। हालांकि अंततः पार्टी नेतृत्व ने संगठन से जुड़े अपेक्षाकृत कम चर्चित चेहरे अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया।

भाजपा ने भी दी प्रतिक्रिया

उधर, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने बयान देते हुए कहा कि भाजपा इस बार “शरारत करने के मूड में नहीं” है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और देखना होगा कि वह किसे मैदान में उतारती है।


इन्फो बॉक्स

राज्यसभा उम्मीदवार : अनुराग शर्मा

  • पद : जिला कांग्रेस अध्यक्ष, कांगड़ा
  • निवास : बैजनाथ, जिला कांगड़ा
  • आज भरेंगे नामांकन : विधानसभा परिसर, शिमला
  • खास संयोग : नामांकन के दिन ही जन्मदिन
  • रणनीति : स्थानीय चेहरे को आगे कर संगठन को मजबूत करना 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now