

धर्मशाला नगर निगम के खाली भवन में शिफ्ट होगा रेरा मुख्यालय
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला

रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी का मुख्यालय जल्द ही कोतवाली बाजार स्थित नगर निगम के पुराने भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से नए कार्यालय का उद्घाटन करवाने की तैयारी है। संभावना है कि इसी माह मुख्यमंत्री धर्मशाला आकर इसका उद्घाटन करेंगे। प्रदेश सरकार ने रेरा मुख्यालय को शिमला से धर्मशाला शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में सोमवार को रेरा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव आरडी धीमान ने प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ धर्मशाला में खाली पड़े सरकारी भवनों का संयुक्त निरीक्षण किया।

चार से पांच विभिन्न भवनों का अवलोकन करने के बाद टीम ने कोतवाली बाजार में दमकल विभाग कार्यालय के समीप स्थित नगर निगम के पुराने भवन को रेरा मुख्यालय के लिए उपयुक्त पाया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, रेरा अधिकारियों ने संयुक्त आयुक्त और उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा से भवन की मरम्मत, रंगरोगन और अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। रेरा अध्यक्ष आरडी धीमान ने पुष्टि की है कि कोतवाली स्थित भवन रेरा के लिए उपयुक्त है और आवश्यक मरम्मत के बाद कार्यालय स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वहीं, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि रेरा चेयरमैन के साथ बैठक हुई है। उन्होंने कहा कि शहर में उपलब्ध खाली भवनों का निरीक्षण कराया गया है।

ये भी पढ़ें :हिमाचल : 10.77 लाख निष्क्रिय बैंक खाते, चार माह में सिर्फ 8125 ग्राहकों की हुई पहचान
बता दें कि रेरा की टीम ने चीलगाड़ी स्थित हिमुडा भवन और जिला परिषद के खाली भवन का भी निरीक्षण किया, लेकिन अंततः नगर निगम के भवन को ही सबसे उपयुक्त माना गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मुख्यालय को औपचारिक रूप से शिमला से धर्मशाला शिफ्ट कर दिया जाएगा। धर्मशाला में रेरा मुख्यालय स्थापित होने से कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, मंडी और ऊना सहित निचले हिमाचल के बिल्डरों को अब आवासीय कॉलोनियों से संबंधित औपचारिकताओं के लिए शिमला नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

Author: Polkhol News Himachal








