
10वीं व 12वीं की परीक्षाएं कल से, 2,384 परीक्षा केंद्रों में सात स्तर पर होगी निगरानी
पोल खोल न्यूज़ | धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 3 मार्च से शुरू होंगी। बोर्ड प्रबंधन ने परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार नकल रोकने के लिए बोर्ड ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। वहीं, परीक्षाएं सात स्तर की कड़ी निगरानी में कराई जाएंगी। इससे किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रदेशभर में करीब दो लाख नियमित और एसओएस श्रेणी के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए 2,384 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। परीक्षाएं सुबह 9:45 बजे से शुरू होंगी। बोर्ड मुख्यालय से सीसीटीवी से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
इसके लिए विशेष मॉनीटरिंग कक्ष तैयार किया गया है, जहां एलईडी स्क्रीन से सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा केंद्र अधीक्षक और उप-अधीक्षक परीक्षा हॉल में सतत निगरानी रखेंगे। बताते चलें कि बोर्ड की ओर से विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण करेंगे। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारी, एसडीएम और उपनिदेशक स्तर तक के अधिकारी भी फ्लाइंग स्क्वायड से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि नकल के मामलों को लेकर बोर्ड सख्त है। पुख्ता रणनीति के तहत व्यापक मॉनीटरिंग व्यवस्था की गई है।
2384 परीक्षा केंद्रों पर प्रदेश भर में होंगी वार्षिक परीक्षाएं
- स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय से ऑनलाइन मॉनीटरिंग
- हर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
- परीक्षा केंद्र के अधीक्षक और उप-अधीक्षक रखेंगे सतत नजर
- बोर्ड की ओर से गठित उड़नदस्ते करेंगे केंद्रों का औचक निरीक्षण
- शिक्षा विभाग की ओर से गठित उड़नदस्ते भी रहेंगे सक्रिय
- उपमंडल स्तर पर फ्लाइंग स्क्वायड का गठन
- निदेशालय स्तर से भी नकल पर रखी जाएगी नजर
ये भी पढ़ें :हिमकेयर कार्ड धारक हैं, तो समय पर कराएं नवीनीकरण, पोर्टल 31 मार्च तक रहेगा खुला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की बीएड परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा संचालन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार 10,043 छात्र-छात्राएं प्रदेश भर में बनाए 52 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाए रखने के लिए 112 फ्लाइंग स्कवाड की तैनाती की है।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि परीक्षार्थियों की उपस्थिति उसी पाली में दर्ज की जाएगी, जिसमें उन्हें प्रवेश पत्र के अनुसार बैठाया गया है। पाली परिवर्तन की किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा नियमों में किसी प्रकार की ढील न देने के निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा समय शुरू होने के बाद अधिकतम 15 मिनट तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी केंद्र अधीक्षकों को सख्ती से निर्देश दिए हैं कि समय सीमा का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी बताया कि केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को मजबूत किया गया है। परीक्षार्थियों को पहचान पत्र और प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं, एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने बताया कि विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम आधा घंटा पहले पहुंचें। इससे जांच और उपस्थिति की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सकेगी। परीक्षाएं शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं।

Author: Polkhol News Himachal







