
हिमाचल प्रदेश में बनेंगी 84 और पंचायतें, तीन दिन में मांगे आपत्तियां व सुझाव
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में 84 और नई पंचायतें बनाने की कसरत शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने रविवार को इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है। तीन दिन के भीतर जनता से आपत्तियां-सुझाव मांगे गए हैं। बता दें कि बीते शुक्रवार को 39 नई पंचायतों का गठन किया गया है। इससे पहले भी चार पंचायतें बनाई गई थीं। अगर 84 पंचायतों को लेकर कोई आपत्ति नहीं आती है तो प्रदेश में पंचायतों की कुल संख्या 3704 हो जाएगी। पहले यह संख्या 3,577 थी।

बढ़ती आबादी, भौगोलिक परिस्थितियों और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नई पंचायतें बनाने की फैसला लिया है। कई पंचायतों का क्षेत्रफल बहुत ज्यादा होने और दूरदराज के गांवों को विकास योजनाओं का लाभ समय पर न मिल पाने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में छोटी पंचायतों का गठन कर प्रशासनिक कामकाज को प्रभावी बनाने की योजना है। यह प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी, ताकि चुनाव समय पर करवाए जा सकें। पंचायतीराज विभाग के संयुक्त निदेशक केवल शर्मा ने बताया कि नई पंचायतों के गठन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं, पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 84 और नई पंचायतों का गठन किया जाना है। इसे लेकर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।
39 नई पंचायतों को जोड़कर प्रदेश में पंचायतों की संख्या 3616 हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार सरकार और आयोग को चुनाव निर्धारित समय सीमा में करवाने हैं, ऐसे में सरकार के पास नई पंचायतों के गठन के लिए पर्याप्त समय नहीं है। हालांकि, विभाग भविष्य में गठन के लिए आवेदन जरूर लेगा, ताकि अगली प्रक्रिया में उन पर विचार किया जा सके।
विभाग फिलहाल 39 पंचायतों के अंदरूनी पुनर्सीमांकन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि पुनर्सीमांकन से पंचायतों में प्रतिनिधित्व अधिक संतुलित होगा और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पंचायतों में आरक्षण रोस्टर तैयार करने का काम भी तेज कर दिया गया है। किस पंचायत का प्रधान पद सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या महिला वर्ग के लिए आरक्षित होगा, इसका खाका तैयार किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नई पंचायतों की मांग लंबे समय से उठती रही है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में सरकार ने व्यावहारिक निर्णय लेते हुए फिलहाल सीमित दायरे में ही बदलाव करने का फैसला किया है। अब सभी की नजरें आरक्षण सूची और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं।
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि हिमाचल में 39 नई पंचायतों का गठन किया गया है। जिन पंचायतों से कटकर नई पंचायतें बनी हैं। उनका और नई पंचायतों का अंदरूनी पुनर्सीमांकन किया जा रहा है।
Author: Polkhol News Himachal







