best news portal development company in india

नादौन में बस सेवा बंद व बालिका विद्यालय मर्ज करने के फैसले के खिलाफ भाजपा का उग्र प्रदर्शन, सुक्खू सरकार पर तीखा हमला

SHARE:

नादौन में बस सेवा बंद व बालिका विद्यालय मर्ज करने के फैसले के खिलाफ भाजपा का उग्र प्रदर्शन, सुक्खू सरकार पर तीखा हमला

रजनीश शर्मा | हमीरपुर

नादौन विधानसभा क्षेत्र के सनाही गांव में आज प्रदेश सरकार के जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने किया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस सेवा बहाल करने और बालिका विद्यालयों को मर्ज करने का निर्णय वापस लेने की मांग उठाई।

इस अवसर पर विजय अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले सात वर्षों से निरंतर चल रही सरकारी बस सेवा को बंद करना नादौन क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि यह बस तेलकर, हारमसंधा, कारगु सहित कई गांवों को जोड़ती है और यह इन गांवों के लिए एकमात्र सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा है। इस बस के बंद होने से स्कूली बच्चों, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

विजय अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि यह बस उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान, जब वे एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन थे, तब क्षेत्र की जनता की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू करवाई थी। उन्होंने कहा कि उस समय दूरदराज गांवों के लोगों को मुख्य सड़कों और बाजारों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयां होती थीं। इसी समस्या के समाधान के लिए यह रूट स्वीकृत कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बिना जमीनी हकीकत को समझे जनहित की योजनाओं को समाप्त करने में लगी हुई है।

उन्होंने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावों में बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आई, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाएं छीन रही है। गांवों की बसें बंद करना और स्कूलों को मर्ज करना सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि राजनीतिक सोच का परिणाम है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा की जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान सरकारी बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धनेटा तथा बालिका विद्यालय नादौन को मर्ज करने के प्रस्ताव का भी कड़ा विरोध किया गया। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा से जुड़े संस्थानों को बंद या मर्ज करना प्रदेश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर महिला सशक्तिकरण और शिक्षा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बालिका विद्यालयों को समाप्त करने की दिशा में कदम उठा रही है। यह दोहरी नीति जनता के सामने उजागर हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों को उजागर करेंगे और जनता को जागरूक करेंगे। यदि सरकार ने शीघ्र ही बस सेवा बहाल नहीं की और स्कूल मर्ज करने का निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।

इस मौके पर स्थानीय प्रधान सोमनाथ शर्मा, किसान मोर्चा अध्यक्ष विपण कुमार, भाजपा मंडल कार्यकारिणी सदस्य राकेश शर्मा सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से जनविरोधी निर्णय वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के अंत में यह स्पष्ट किया गया कि नादौन की जनता अपने अधिकारों और सुविधाओं की रक्षा के लिए एकजुट है। यदि सरकार ने जनता की भावनाओं की अनदेखी जारी रखी, तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now