

सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं को आगे आना होगा: एसपी बलवीर सिंह
रजनीश शर्मा । हमीरपुर

डिग्री कॉलेज हमीरपुर में आयोजित रोड सेफ्टी क्लब की कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने भाग लिया और विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में संबोधित किया।
एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण सड़क सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि लापरवाही, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इन कारणों को नियंत्रित किए बिना दुर्घटनाओं में कमी लाना संभव नहीं है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखता है और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने अणु क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर आम जनता को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का संदेश दिया।
एसपी बलवीर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा राज्य सरकार और पुलिस विभाग की प्राथमिकता में शामिल है, विशेषकर माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस दिशा में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने अंत में युवाओं से आग्रह किया कि वे सड़क सुरक्षा के ब्रांड एंबेसडर बनकर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

Author: Polkhol News Himachal









