

तीन साल से पानी को तरस रहा करसोह का एक परिवार !! जल शक्ति विभाग पर अनदेखी के आरोप
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

जिला हमीरपुर की तहसील टौणी देवी के अंतर्गत गांव करसोह में एक परिवार के लिए पिछले करीब तीन वर्षों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जल शक्ति विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लाइन की जांच करने तक नहीं पहुंचे हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप – न जेई आया, न फिटर
गांव करसोह निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि पिछले तीन साल से पानी की समस्या बनी हुई है। कई बार विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन न तो कोई जेई मौके पर पहुंचा और न ही फिटर ने पाइप लाइन की जांच की। लोगों को मजबूरन दूर-दराज स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
बारी सेक्शन में दर्ज करवाई शिकायत
ग्रामीण का कहना है कि जल शक्ति विभाग के बारी सेक्शन के तहत लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय अनदेखी से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

गर्मी बढ़ने से संकट और गहराया
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, पानी की किल्लत और गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल शक्ति विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके पर टीम भेजकर लाइन की जांच की जाए और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वहीं, कनिष्ठ अभियंता पंकज ठाकुर ने बताया कि समस्या विभाग की लाइन में नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की अपनी निजी नल की पाइपलाइन में है। फिटर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कल ही उससे संपर्क किया था और फिटर कल स्थिति जांचने के लिए वहां जाने वाला है।

Author: Polkhol News Himachal










