

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत स्कूल में सजी नवाचार की प्रदर्शनी, छात्रों ने प्रस्तुत किए 50 मॉडल
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ताल में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में छठी से बारहवीं कक्षा तक के लगभग 50 विद्यार्थियों ने अपने नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत किए और स्कूल स्तर पर उनका प्रदर्शन किया।
विद्यालय संयोजक एवं रसायन विज्ञान प्रवक्ता राकेश चंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना को विकसित करना है। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों में विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों और दैनिक जीवन में उनके उपयोग को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान संजीवन पटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से उनके मॉडलों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनकी मेहनत एवं रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अतुल शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल अत्यंत प्रशंसनीय हैं और यह उनकी वैज्ञानिक समझ और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचार और वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य रामानंद शर्मा सहित सभी विज्ञान प्रवक्ता एवं विज्ञान अध्यापक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक प्रेरणादायक मंच साबित हुई।

Author: Polkhol News Himachal









