

Bilaspur : सेऊ के पास कार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
पोल खोल न्यूज़ | बिलासपुर

घुमारवीं थाना क्षेत्र के तहत शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर सेऊ कस्बे के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब सेऊ (नसवाल) निवासी कर्म चंद (42) अपने खेतों से बैलों को खदेड़ते हुए हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान दधोल से घुमारवीं की ओर जा रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी।
वहीं, हादसे में कर्म देव गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक उसे तुरंत अपनी गाड़ी में घुमारवीं अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स में उपचार के दौरान कर्म चंद ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें:मतदाता सूचियों का होगा विशेष पुनरीक्षण, 18 साल पूरे कर चुके युवाओं की बनेगी अनुपूरक मतदाता सूची
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि कर्म चंद मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था और अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल भेजी गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Author: Polkhol News Himachal









