best news portal development company in india

नेरी में सजा वैचारिक संगम: RSS के थिंक टैंक के बीच जुटे भाजपा के दिग्गज, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रहे मुख्य अतिथि

SHARE:

🟠 नेरी में सजा वैचारिक संगम: RSS के थिंक टैंक के बीच जुटे भाजपा के दिग्गज, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रहे मुख्य अतिथि

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

जिला हमीरपुर के नेरी स्थित ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान में इतिहास पुरुष ठाकुर रामसिंह की 111वीं जयंती पर भव्य एवं वैचारिक गरिमा से परिपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से इसलिए चर्चा में रहा क्योंकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष वैचारिक नेतृत्व (थिंक टैंक) और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने इसे एक बड़े वैचारिक सम्मेलन का रूप दे दिया।

समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल तथा महंत सूर्यनाथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ईश्वरशरण विश्वकर्मा ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी ने अपने विचार रखे।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, सांसद सिकंदर कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भरद्वाज, प्रदेश भर के विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इतिहास का सम्मान ही राष्ट्र की शक्ति

अपने संबोधन में प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने ठाकुर रामसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन इतिहास साधना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि “जो समाज या राष्ट्र अपने इतिहास को नहीं जानता और उसका सम्मान नहीं करता, वह स्वयं कमजोर पड़ जाता है।”

उन्होंने ठाकुर रामसिंह को आदिकालीन तपस्वियों की भांति कर्मयोगी बताया और कहा कि 88 वर्ष की आयु में भी समाज के लिए उनका समर्पण प्रेरणादायक था।

नेरी बना शिक्षा और विचार का केंद्र

प्रो. धूमल ने कहा कि एक समय नेरी दूरस्थ क्षेत्र माना जाता था, किंतु ठाकुर रामसिंह की इच्छा और प्रयासों से यहां इतिहास शोध संस्थान की स्थापना हुई। इसके बाद क्षेत्र में बागवानी विश्वविद्यालय केंद्र, होटल प्रबंधन महाविद्यालय तथा तकनीकी विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों की स्थापना ने इसे शिक्षा और वैचारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना दिया।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का यह विकास ठाकुर रामसिंह की दूरदृष्टि और तपस्या का प्रत्यक्ष परिणाम है।

वैचारिक समागम बना राजनीतिक संदेश

RSS के शीर्ष वैचारिक नेतृत्व, इतिहास संकलन योजना के प्रतिनिधियों तथा भाजपा के बड़े नेताओं की एक मंच पर उपस्थिति को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने ठाकुर रामसिंह के आदर्शों को आत्मसात करने और भारतीय इतिहास के संरक्षण व पुनर्स्मरण के कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

नेरी का यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि इतिहास, विचार और संगठनात्मक शक्ति के संगम के रूप में स्मरणीय बन गया।



Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now