best news portal development company in india

देहरा के स्कूल में दिनदहाड़े हत्या: मिड-डे मील वर्कर पर दराती से हमला, बच्चों के सामने हुई वारदात

SHARE:

देहरा के स्कूल में दिनदहाड़े हत्या: मिड-डे मील वर्कर पर दराती से हमला, बच्चों के सामने हुई वारदात

पोल खोल न्यूज़ | देहरा (कांगड़ा)

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा जिला के देहरा उपमंडल की ग्राम पंचायत चनौर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में वीरवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने स्कूल परिसर में घुसकर मिड-डे मील की महिला वर्कर की दराती से हत्या कर दी।

मृतका की पहचान सुलोचना देवी (59) निवासी चनौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोनू (48) भी इसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को वारदात की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी को महिला से कुछ धनराशि लेनी थी।

मासूमों के सामने खून से सना मंजर

घटना उस समय हुई जब बच्चे मिड-डे मील के इंतजार में बैठे थे। थालियां सजने ही वाली थीं और दाल परोसने की तैयारी चल रही थी। तभी अचानक चीख गूंजी और देखते ही देखते फर्श पर खून फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी दराती से लगातार वार कर रहा था और कई बच्चे आंगन में मौजूद थे। यह भयावह दृश्य देखकर बच्चे सहम गए।

अध्यापकों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बच्चों को कमरों में बंद कर सुरक्षित किया। हालांकि खिड़कियों से दिखे दृश्य ने मासूम मन पर गहरा असर छोड़ा। दोपहर का भोजन अधूरा रह गया और स्कूल परिसर में चीख-पुकार व सिसकियों का माहौल बन गया।

गांव में फैली सनसनी, बदहवास पहुंचे अभिभावक

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। अभिभावक घबराए हुए हालत में स्कूल पहुंचे। किसी के हाथ में दुपट्टा था, तो किसी के पैरों में चप्पल तक नहीं थी। बच्चों को सुरक्षित देख अभिभावकों ने राहत की सांस ली, लेकिन उनकी आंखों में उतरा डर साफ झलक रहा था।

बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर चिंता

ढलियारा कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रोफेसर कर्ण पठानिया ने कहा कि इतनी कम उम्र में हत्या का प्रत्यक्ष दृश्य देखना बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से तत्काल काउंसलिंग और रिकवरी प्लान लागू करने की मांग की।

प्राथमिक अध्यापक संघ डाडासीबा के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि अब स्कूलों को सुरक्षित घेरे में लेने का समय आ गया है। जब तक शिक्षक और छात्र सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं।

संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह ने सरकार से व्यापक सुरक्षा प्रोटोकॉल बनाने की मांग की।

जिलाध्यक्ष प्राथमिक अध्यापक संघ कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह घटना ग्रामीण स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्कूल सुरक्षा को बच्चों के जीवन के अधिकार से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

🟥 इन्फो बॉक्स

घटना स्थल: राजकीय प्राथमिक पाठशाला, चनौर, देहरा उपमंडल, जिला कांगड़ा

मृतका: सुलोचना देवी (59), मिड-डे मील वर्कर

आरोपी: राकेश कुमार उर्फ मोनू (48), निवासी चनौर

हथियार: दराती

संभावित कारण: पैसों का लेनदेन

स्थिति: आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

प्रभाव: बच्चों में दहशत, काउंसलिंग की मांग तेज


Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now