

Himachal : नंबरों और पारिवारिक आय के आधार पर दी जाएगी छात्रवृत्ति
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

स्कूल शिक्षा बोर्ड मार्च, 2025 में संचालित 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 14-14 मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति देगा। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों से संबंधित सहमति पत्र, बिल प्रपत्र और दिशानिर्देश शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए हैं। वहीं, पात्र विद्यार्थी अपने-अपने अध्ययनरत शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य या संस्था प्रमुख से दस्तावेज सत्यापित करवा कर 11 मार्च तक बोर्ड कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
शिक्षा बोर्ड ने डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति योजना के लिए अंकों का निर्धारण कर लिया है। 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थी को 10 अंक दिए जाएंगे। वहीं, जिन अभ्यर्थियों के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से कम होगी, उन्हें भी 10 अंक मिलेंगे। बोर्ड वर्ष 2025 में आयोजित 10वीं और 12वीं की नियमित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 14-14 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा।
ये भी पढ़ें :केसीसी बैंक ओटीएस मामला: 45 करोड़ के लोन की 21 करोड़ में सेटलमेंट, ईडी ने ब्रांच मैनेजर को तलब किया
पात्र विद्यार्थियों को 11 मार्च तक आवेदन करना होगा। अंक निर्धारण सूची में अभ्यर्थियों को एक से लेकर 10 तक अंक प्रदान किए जाएंगे, जिसमें शैक्षणिक और आर्थिक दोनों मापदंडों को महत्व दिया गया है। बोर्ड की ओर से 10वीं कक्षा के पात्र मेधावियों को 2,700 रुपये और 12वीं कक्षा के पात्र मेधावियों को 3,000 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी।
बता दें कि शिक्षा बोर्ड ने एकल बालिकाओं के लिए भी छात्रवृत्ति का प्रावधान किया है। इसके तहत 10वीं कक्षा में दो और जमा दो कक्षा में तीन एकल बालिकाओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा 10 दिव्यांग उम्मीदवारों को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी। इनकी कम से कम 40 प्रतिशत विकलांगता निर्धारित की है।
किसे कितने मिलेंगे अंक
प्राप्त अंक |
सालाना आय |
अंक |
| 65 से 66 | 96 हजार-1 लाख | 01 |
| 67 से 68 | 91 से 95 हजार | 02 |
| 69 से 70 | 86 से 90 हजार | 03 |
| 71 से 72 | 81 से 85 हजार | 04 |
| 73 से 74 | 76 से 80 हजार | 05 |
| 75 से 76 | 71 से 75 हजार | 06 |
| 77 से 78 | 66 से 70 हजार | 07 |
| 79 से 80 | 61 से 65 हजार | 08 |
| 81 से 85 | 51 से 60 हजार | 09 |
| 86 से ऊपर | 50 हजार से कम | 10 |
वहीं, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा कि शिक्षा बोर्ड डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति योजना के तहत 10वीं और 12वीं के 14-14 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा। मेधावियों का चयन शैक्षणिक और आर्थिक आधार पर प्राप्त अंकों के निर्धारण के बाद किया जाएगा। अंकों के निर्धारण से संबंधित जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है। इसी आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी गलत जानकारी प्रस्तुत करता है, तो उसकी पात्रता रद्द कर दी जाएगी।

Author: Polkhol News Himachal









