

डुग्घा में बताईं बैंकों की योजनाएं और उपभोक्ताओं के अधिकार
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
विभिन्न जन सुरक्षा योजनाओं, बैंक उपभोक्ताओं के अधिकारों और निष्क्रिय बैंक खातों में पड़ी धनराशि के बारे में आम लोगों को जागरुक करने के लिए आरंभ किए गए विशेष अभियान के तहत बुधवार को हमीरपुर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत डुग्घा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों को बैंकों के लंबे समय से निष्क्रिय खातों में पड़ी धनराशि को निकलवाने की प्रक्रिया, बैंक उपभोक्ताओं के विभिन्न अधिकारों, उपभोक्ताओं की समस्याओं के निवारण और अन्य मुद्दों पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विभिन्न जनसुरक्षा योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग की जानकारी भी दी तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपायों से अवगत करवाया।
जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने बैंकों की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं के बारे में बताया। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कतना ने संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, उद्यमिता, हिमाचल प्रदेश सरकार की डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय के अधिकारी अनिल कुमार, स्थानीय ग्राम पंचायत की निवर्तमान प्रधान मंजू देवी, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Author: Polkhol News Himachal









