

नौणी में नामी कंपनी की चॉकलेट से जिंदा कीड़ा मिलने पर हड़कंप, परिवार जाएगा कोर्ट
पोल खोल न्यूज़ । बिलासपुर
बिलासपुर जिले के नौणी क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नामी कंपनी की चॉकलेट के अंदर से जिंदा कीड़ा और अंडे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने कंपनी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।
बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौणी के गांव मंडी मानवा निवासी एवं भाखड़ा विस्थापित सभा के अध्यक्ष रमेश चंद कौंडल ने बताया कि उन्होंने स्थानीय बाजार से बच्चों के लिए पांच रुपये वाली चॉकलेट खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह अपने छोटे बच्चे शिवा को चॉकलेट देने के लिए रैपर खोल रहे थे, तो चॉकलेट के अंदर एक जिंदा कीड़ा रेंगता मिला, जिस पर अंडे भी दिखाई दिए।
ये भी पढ़ें:खेलों से आत्मविश्वास, आत्मविश्वास से सफलता: डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने चबूतरा में युवाओं को दिया सकारात्मक संदेश
रमेश चंद ने बताया कि राहत की बात यह रही कि बच्चे को चॉकलेट खिलाने से पहले ही इस पर उनकी नजर पड़ गई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि बच्चा इसे खा लेता तो उसकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।
हैरानी की बात यह है कि चॉकलेट के पैकेट पर उसकी वैधता मई 2026 तक दर्ज है और कोड नंबर भी अंकित है। इसके बावजूद इस तरह की गंदगी मिलना कंपनी की गुणवत्ता और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े करता है। पीड़ित परिवार ने चॉकलेट को सुरक्षित रख लिया है और अब कानूनी रूप से सैंपल करवाकर कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है।
उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग महेश कश्यप ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और चॉकलेट का सैंपल लेकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
📌 इन्फो बॉक्स
📍 स्थान: गांव मंडी मानवा, पंचायत नौणी
🏛️ जिला: बिलासपुर (हि.प्र.)
🍫 उत्पाद: पांच रुपये वाली चॉकलेट (नामी कंपनी)
📆 वैधता: मई 2026
⚠️ आपत्ति: चॉकलेट में जिंदा कीड़ा व अंडे
👶 बच्चा: शिवा (खाने से पहले बचाव)
⚖️ कार्रवाई: कंपनी के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी
🧪 विभाग: खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांच
Author: Polkhol News Himachal









