

दरोगण वासियों की एकजुटता ने बदली तस्वीर, संघर्ष के बाद NH-03 पर बनी नई पुली, खेतों को मिली राहत
पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के प्रयासों पर जनता ने जताया आभार
पुली विवाद निपटाने में तहसीलदार टौणी देवी एवं पुलिस चौकी टौणी देवी की भी रही अहम भूमिका
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
नेशनल हाईवे नंबर-03 के प्वाइंट नंबर 149 पर दरोगण गांव में पुली को लेकर चला आ रहा लंबा संघर्ष आखिरकार समाप्त हो गया है। ग्रामीणों की मांग और सतत प्रयासों के बाद निर्माण कंपनी ने यहां सड़क पर नई पुली का निर्माण कर दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि दरोगण गांव के खेतों में बरसाती पानी भरने और भूमि कटाव की समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आंदोलनरत थे। बरसात के दिनों में हाईवे निर्माण के कारण सड़क के एक तरफ पानी झील का रूप ले लेता था, जिससे खेतों को भारी नुकसान हो रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के साथ-साथ पूर्व विधायक राजेंद्र राणा से भी मुलाकात की थी।
पुली विवाद निपटाने में तहसीलदार टौणी देवी एवं पुलिस चौकी टौणी देवी की भी रही अहम भूमिका
इस बारे दिलचस्प बात यह है कि जब पुली निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो दूसरी तरफ के जमीन के मालिक पानी से होने वाले नुकसान को लेकर एतराज जताने लगे। ऐसे में तहसीलदार टौणी देवी सौरभ धीमान एवं पुलिस चौकी टौणी देवी के स्टाफ ने लोगों को समझाया और निर्विघ्न कार्य पूर्ण करने में अहम भूमिका अदा की। मौके पर तहसीलदार बमसन सौरभ धीमान एवं पुलिस चौकी टौणी देवी प्रभारी एस आई इंद्र सिंह तब तक निगरानी करते रहे जब तक पुली निर्माण का कार्य पूर्ण नहीं हो गया।
ये भी पढ़ें : Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बजट में आरडीजी का 13% तक रहा योगदान,
राजेंद्र राणा भी मौके पर पहुंचे
इससे पहले पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों से समाधान के लिए प्रभावी पहल की। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और निर्माण कंपनी ने मिलकर दरोगण के पास नई पुली तैयार कर दी। इससे अब बरसाती पानी की निकासी सुचारु होगी, खेत सुरक्षित रहेंगे और भूमि कटाव पर भी रोक लगेगी।
इस संबंध में हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे नंबर-03 पर दरोगण के समीप नई पुली का निर्माण कर सड़क को पक्का कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और भविष्य में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।
नई पुली के निर्माण से खुश दरोगण वासियों ने पूर्व विधायक राजेंद्र राणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका और संवेदनशीलता के कारण ही यह समस्या हल हो सकी है। लोगों ने पुली विवाद निपटाने में तहसीलदार टौणी देवी एवं पुलिस चौकी टौणी देवी की भी अहम भूमिका का स्वागत किया।

Author: Polkhol News Himachal










