

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में विधायक प्राथमिकताओं की बैठक में भोरंज की जनसमस्याएं मजबूती से रखीं : सुरेश कुमार
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित विधायकों की प्राथमिकताओं से संबंधित बैठक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच, उत्तरदायी प्रशासन एवं संवेदनशील नेतृत्व का सशक्त उदाहरण रही। यह बात भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने कही।
विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि बैठक के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जमीनी जनसमस्याओं और विकासात्मक आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से रखा गया। विशेष रूप से लदरौर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही गंभीर पेयजल समस्या, मेवा–बमसन बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना के लगभग 20 वर्ष पूर्ण हो जाने के चलते उसकी मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता, तथा ब्यास नदी आधारित योजना से लाभान्वित लगभग 12 पंचायतों की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का विषय विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
ये भी पढ़ें:एनक्यूएएस टीम का चौथे दिन निरीक्षण, जरी स्वास्थ्य खंड में परखी गई सेवाएं
उन्होंने बताया कि बैठक में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान आकृष्ट किया गया। इसके अंतर्गत 33 केवी ट्रांसफार्मर की स्थापना कर बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग रखी गई। साथ ही विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के विस्तार एवं सुधार के लिए लगभग 92 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान की आवश्यकता से भी अवगत करवाया गया।
विधायक सुरेश कुमार के अनुसार नगर पंचायत भोरंज के लिए एक स्थायी एवं सुव्यवस्थित भवन निर्माण, आई.पी.एच. उप-मंडल को स्थापित हुए लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद भवन उपलब्ध न होने के कारण उसके लिए पृथक भवन निर्माण, विभाग के दो रेस्ट हाउसों के अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करवाने तथा भोरंज सीवरेज लाइन से संबंधित मांग भी बैठक में प्रमुखता से रखी गई। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समीरपुर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विज्ञान ब्लॉक के निर्माण की मांग भी उठाई गई।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सुना । उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के प्रति मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकासोन्मुख नेतृत्व से प्रदेशवासियों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
Author: Polkhol News Himachal








