
भोरंज में युवक की रहस्यमयी मौत, कमरे से सिरिंज व नशीला पदार्थ मिलने से ओवरडोज की आशंका
पोल खोल न्यूज़ । भोरंज/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के तहत भोरंज में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के एक कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला, जबकि उसकी नाक से खून बह रहा था। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को खून से सनी प्रयोग की हुई सिरिंज और नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, जिससे सिंथेटिक नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक नशे का आदी था और इसी कारण परिजनों ने पहले ही उसे संपत्ति से बेदखल कर रखा था। वह घर में अलग-थलग रह रहा था और परिवार से बातचीत भी नहीं करता था।
जानकारी के अनुसार मृतक शादीशुदा था, जबकि उसकी पत्नी दिल्ली में नौकरी करती है। आशंका है कि युवक की मौत सुबह ही हो चुकी थी, लेकिन दिनभर किसी को इसकी भनक नहीं लगी। शाम करीब चार बजे जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खुला देखा और अंदर गए तो युवक अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
ये भी पढ़ें: कृषि विपणन बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का स्वागत
🟦 इन्फो बॉक्स
घटना स्थल: भोरंज थाना क्षेत्र, जिला हमीरपुर
मृतक की स्थिति: नशे का आदी, परिवार से अलग रह रहा था
कमरे से बरामद: खून से सनी सिरिंज, नशीला पदार्थ
संभावित कारण: सिंथेटिक नशे की ओवरडोज
पुलिस कार्रवाई: शव कब्जे में, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अधिकारी बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

Author: Polkhol News Himachal









