
आठ फरवरी तक साफ रहेगा मौसम, 9–10 को बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ । शिमला
हिमाचल प्रदेश में आठ फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से नौ और दस फरवरी को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार रात कुल्लू और लाहौल घाटी में एक बार फिर बर्फबारी हुई। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण प्रदेश के सभी हिस्सों में ठंडक बढ़ गई है।
वीरवार को मध्य पर्वतीय और मैदानी सात जिलों—ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर—के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। बुधवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में धूप खिली, जिससे लोगों को दिन के समय कुछ राहत मिली। ऊना में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अटल टनल रोहतांग सहित कुल्लू और लाहौल घाटी के ऊंचे इलाकों में मंगलवार रात बर्फबारी हुई, हालांकि बुधवार को यहां मौसम साफ रहा। चंबा जिले में हालिया बर्फबारी के बाद जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। धूप खिलने के बीच विभागीय टीमें सड़कों की बहाली और खराब ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने में दिनभर जुटी रहीं।
ये भी पढ़ें :एहतियात से 40 फीसदी तक रोका जा सकता है कैंसर, हिमाचल में हर साल 10 हजार से ज्यादा नए मामले
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने कुल्लू और लाहौल के 2,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। कुल्लू जिले में नेशनल हाईवे-3 और हाईवे-305 बीते दो सप्ताह से अवरुद्ध हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है, जबकि छह फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।
बर्फ में बिगड़ी तबीयत, महिला पर्यटक की मौत
मनाली घूमने आई मुंबई की महिला पर्यटक की ठंड लगने से तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 39 वर्षीय प्रियंका विष्णु दुखंडे अपनी मौसी प्रनीता के साथ मनाली आई थीं और दो फरवरी को सोलंगनाला घूमने गई थीं। वहां से लौटने के बाद उन्हें तेज सर्दी लग गई।
फैमिली डॉक्टर से सलाह लेने के बाद वह आलूग्राउंड स्थित होटल के कमरे में ही ठहरी हुई थीं, लेकिन मंगलवार को उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद मौसी और टूर मैनेजर अक्षय मारुति उन्हें इलाज के लिए मिशन अस्पताल मनाली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Author: Polkhol News Himachal









