
-
रिपेयर के लिए बंद नहीं होगा टौणी देवी–उहल मार्ग, झोखर के दोनों तरफ मिलेगी शटल बस सर्विस : कैप्टन रणजीत सिंह
-
प्रशासन के नोटिफिकेशन पर विधायक ने जताई कड़ी आपत्ति
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
जिला प्रशासन द्वारा टौणी देवी–उहल–कक्कड़ सड़क को रिपेयरिंग के नाम पर 20 फरवरी तक बंद किए जाने के नोटिफिकेशन पर सुजानपुर के कांग्रेस विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि झोखर क्षेत्र में डंगा गिरने से लोग पहले ही भारी परेशानियों से जूझ रहे हैं और अब पूरे मार्ग को बंद कर देना आम जनता के लिए और मुश्किलें बढ़ाने वाला कदम है।
शादी-ब्याह और जरूरी आवाजाही को देखते हुए लिया फैसला
विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि इन दिनों विवाह-शादियों का सीजन चल रहा है। इसके अलावा छात्र, कर्मचारी और मरीज रोजाना इसी सड़क से आवाजाही करते हैं। ऐसे में टौणी देवी–उहल–कक्कड़ सड़क को पूरी तरह बंद करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग से की सीधी बात
कैप्टन रणजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सीधे बातचीत की है और उन्हें निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्य के दौरान सड़क को पूरी तरह बंद न किया जाए। साथ ही कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: टौणी देवी- ऊहल सड़क बंद कर जनता को परेशान कर रहा प्रशासन: राजेंद्र राणा
झोखर के दोनों ओर शुरू होगी शटल बस सेवा
जनता को राहत देने के लिए विधायक ने झोखर के दोनों ओर शटल बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों, कर्मचारियों, मरीजों और आम लोगों को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के दोनों तरफ बस सुविधा उपलब्ध होगी और उन्हें अनावश्यक पैदल चलने या निजी साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
डंगा मरम्मत तेज करने और सड़क खोलने के निर्देश
विधायक ने लोक निर्माण विभाग को झोखर के पास गिरे डंगे की मरम्मत का कार्य तेज़ी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द ही इस मार्ग को बड़ी गाड़ियों के लिए भी खोल दिया जाए, ताकि क्षेत्र में यातायात पूरी तरह से सुचारु हो सके।
स्थिति पर स्वयं रख रहे हैं नजर
कैप्टन रणजीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा उनकी प्राथमिकता है और किसी भी सूरत में लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
Author: Polkhol News Himachal









