best news portal development company in india

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी, हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट

SHARE:

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी, हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट

पोल खोल न्यूज़ डेस्क । शिमला 

हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर की चोटियों पर मंगलवार को एक बार फिर बर्फबारी हुई। शिमला के रिज मैदान पर भी हल्के फाहे गिरने से मौसम ठंडा हो गया। निचले इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने किन्नौर, कुल्लू और लाहौल में बुधवार के लिए हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नागरिकों, पर्यटकों, ट्रैकर्स और वाहन चालकों को ऊंचाई वाले और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा न करने की सलाह दी गई है। साथ ही ट्रैकिंग, पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों से परहेज करने को कहा गया है।

ताजा बर्फबारी के कारण किन्नौर जिले में काजा मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। मलिंग नाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बर्फ जमने से यातायात प्रभावित हुआ। छितकुल, नेसंग, रोपा वैली, आसरंग, कुन्नू-चारंग और लिप्पा सहित कई ऊंचे क्षेत्रों में मंगलवार सुबह बर्फबारी हुई।

ये भी पढ़ें: स्वर्ण जयंती मिडिल छात्रवृत्ति: प्रदेश में 100 विद्यार्थियों का चयन

चंबा जिले की ऊपरी चोटियों पर लगभग पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फ गिरी, जबकि निचले क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश शुरू हुई। कुल्लू और लाहौल की चोटियों में सोमवार रात को भी बर्फबारी दर्ज की गई। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास तीन स्थानों पर हिमखंड गिरने से मनाली–केलांग हाईवे करीब एक घंटे तक बाधित रहा, जिससे कई वाहन और यात्री फंस गए।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू और लाहौल जिलों में 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। मौसम में आए बदलाव से सड़कों, बिजली और पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानियां बनी हुई हैं।

मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला 19.1, ऊना 21.4, नाहन 17.7, सोलन 18.0, मनाली 3.0, कांगड़ा 20.6 और मंडी में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कोहरे का येलो अलर्ट जारी

मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों के कई क्षेत्रों में बुधवार को सुबह और शाम घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 6 और 8 फरवरी को ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 9 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now