best news portal development company in india

Himachal: डेढ़ फीट बर्फ से अटल टनल बंद, प्रदेश में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार

SHARE:

Himachal: डेढ़ फीट बर्फ से अटल टनल बंद, प्रदेश में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार

पोल खोल न्यूज़ डेस्क । शिमला


हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी का दौर अभी भी जारी है। रविवार रात को कुल्लू, लाहौल, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। कुल्लू व मनाली में सोमवार तड़के बारिश हुई। मणिकर्ण के तोष में सब्जी लेकर जा रही जीप बर्फ पर फिसलकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। डेढ़ फीट बर्फबारी होने से अटल टनल बंद हो गई है। अब फोर बाई फोर वाहन भी नहीं जा सकेंगे। रोहतांग दर्रा में 90 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। मंडी जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है। यहां दो से छह इंच तक बर्फ की नई चादर बिछ गई है। मैदानी क्षेत्रों में धुंध का असर अभी भी जारी है। सोमवार को कालका-शिमला रेललाइन पर चार ट्रेनें लेट हो गईं।

उधर, नारकंडा में रविवार को अवरुद्ध एनएच सोमवार को बहाल हो गया है।

रविवार रात अटल टनल रोहतांग के आसपास 45 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है, ऐसे में लाहौल घाटी का संपर्क कुल्लू-मनाली से कट गया है। जलोड़ी दर्रा में 15 सेंटीमीटर बर्फ गिरने से बाह्य सराज केे लोगों की दुश्वारियां और बढ़ गई है। उधर, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 2900 मीटर से अधिक ऊंचे इलाकों में हिमखंड की चेतावनी जारी की है। चंबा जिले में भी अभी हालात पूरी तरह से सामान्य नहीं हो पाए हैं। कई सड़कें अभी भी बंद हैं।

ये भी पढ़ें: मानदेय के बिना पढ़ाने को मजबूर शिक्षक, सरकार की साल में एक बार सेवानिवृत्ति नीति सवालों में

रविवार रात को शिमला सहित कई जगह हल्की बारिश हुई। हालांकि, सोमवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। कई क्षेत्रों में धूप खिली लेकिन गर्माहट कम ही रही। प्रदेश के कई भागों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है।

हिमाचल में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को भी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। चार और पांच फरवरी को मौसम साफ रहेगा। छह को फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार तीन फरवरी को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। छह को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 4, 5, 7 और 8 फरवरी को राज्य में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now