
-
हिमाचल की पगडंडियां बनेगी माउंटेन ट्रेल , साहसिक पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
-
केंद्र की सौगात से देवभूमि के पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा रोमांच का नया रास्ता
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश की वादियों में अब पर्यटन का एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ने जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से माउंटेन ट्रेल को बढ़ावा देने की घोषणा ने देवभूमि के साहसिक पर्यटन को नई दिशा दे दी है। इस पहल से न केवल राज्य की प्राकृतिक सुंदरता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
केंद्रीय बजट में माउंटेन ट्रेल को लेकर की गई घोषणा को हिमाचल के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इन ट्रेल्स के जरिए पहाड़ी इलाकों में पैदल यात्रियों, ट्रैकर्स और माउंटेन बाइकिंग के शौकीनों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को नया आयाम मिलेगा।
ये भी पढ़ें:सिरमौर: सार्वजनिक दृष्टि में घटना न होने पर एससी/एसटी एक्ट लागू नहीं: जिला न्यायालय

माउंटेन ट्रेल दरअसल पहाड़ी या जंगली इलाकों के बीच से गुजरने वाला संकरा और कच्चा रास्ता या पगडंडी होती है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से हाइकिंग, ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग और घुड़सवारी के लिए किया जाता है। ये ट्रेल्स प्रकृति के बेहद करीब ले जाकर रोमांच और अद्भुत दृश्यों का अनुभव कराती हैं, जो अक्सर सीधी खड़ी पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों से होकर गुजरती हैं।
सरकार की योजना है कि इन ट्रेल्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि देश-विदेश से साहसिक पर्यटन प्रेमी हिमाचल की ओर आकर्षित हों। इससे जहां होटल, होम-स्टे, गाइड और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि माउंटेन ट्रेल परियोजना को सही ढंग से लागू किया गया, तो हिमाचल साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन सकता है। यह पहल न केवल पर्यटन को गति देगी, बल्कि हिमाचल की पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेगी।
ये भी पढ़ें: नशे की गिरफ्त में शिमला का युवा: चिट्टे के लिए कार तक गिरवी, अपराध की राह पर बढ़ते कदम
📌 इन्फो बॉक्स
माउंटेन ट्रेल क्या है?
पहाड़ी/जंगली इलाकों में बनी संकरी कच्ची पगडंडी
हाइकिंग, ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग और घुड़सवारी के लिए उपयोग
रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य तक पहुंच का जरिया
हिमाचल को क्या लाभ?
साहसिक पर्यटन को बढ़ावा
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का बढ़ता आकर्षण
ग्रामीण और पहाड़ी अर्थव्यवस्था को मजबूती
Author: Polkhol News Himachal









