
नशे की गिरफ्त में शिमला का युवा: चिट्टे के लिए कार तक गिरवी, अपराध की राह पर बढ़ते कदम
पोल खोल न्यूज़ । शिमला
शिमला जिले में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत अब एक गंभीर सामाजिक और कानून-व्यवस्था की चुनौती बनती जा रही है। खासतौर पर चिट्टे (हेरोइन) के बढ़ते प्रचलन ने युवाओं को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। नशे की लत को पूरा करने के लिए युवा न केवल अपने भविष्य को दांव पर लगा रहे हैं, बल्कि चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त होते जा रहे हैं।
ताजा मामले में पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि नशे की मांग पूरी करने के लिए एक युवक ने अपनी कार को मात्र एक लाख रुपये में गिरवी रख दिया। कार गिरवी रखने के बाद आरोपी युवक चिट्टा खरीदकर शिमला लौट रहे थे। इसी दौरान शिमला पुलिस ने शोघी के समीप उन्हें दबोच लिया। यह मामला साफ तौर पर दर्शाता है कि नशे की लत युवाओं को किस हद तक जाने के लिए मजबूर कर रही है।
नशे के लिए अपराध की राह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवक लंबे समय से नशे का आदी था और चिट्टा खरीदने के लिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस अब इस मामले में नशे की सप्लाई करने वाले तस्करों की पहचान और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल के लिए निराशाजनक और अन्यायपूर्ण बजट : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए युवक घरों में चोरी, राहगीरों से लूटपाट और छीनाझपटी जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। टुटीकंडी क्षेत्र में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां रात और दिन के समय पैदल चल रहे लोगों को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट की गई।
पुलिस कार्रवाई और खुलासे
पुलिस ने इन मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वे आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुए। हाल के दिनों में शहर में हुई छीनाझपटी की घटनाओं के पीछे भी नशे को ही मुख्य कारण माना जा रहा है।
शिमला में चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। नए साल की शुरुआत से ही जिले में नशा तस्करी के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। इस दौरान दूसरे राज्यों से नशा सप्लाई करने वाले कई तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्ती
नशा तस्करी के मामलों में केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अब पुलिस पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कड़ी कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस अब तक नशा तस्करी में लगातार संलिप्त पाए गए दस आदतन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन आरोपियों को तीन महीने तक जेल में रखा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को और बढ़ाया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी कई बार पकड़े जाने के बावजूद नशा तस्करी में शामिल रहे हैं, जिससे जिले की युवा पीढ़ी पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसी को देखते हुए पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर रही है।
समाज के लिए चेतावनी
यह घटनाएं केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी हैं। यदि समय रहते नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास नहीं किए गए, तो युवा पीढ़ी अपराध और बर्बादी की ओर और तेजी से बढ़ सकती है।

Author: Polkhol News Himachal









