
20 वर्षों की सेवा यात्रा पर ग्राम पंचायत दडूही की जनता का आभार : उषा बिरला
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
आज पंचायती राज संस्थाओं का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर दडूही पंचायत की प्रधान एवं जनप्रतिनिधि उषा बिरला ने ग्राम पंचायत की समस्त जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों तक जनता ने उन्हें सेवा का जो अवसर दिया, वह उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है। पाँच वर्ष तक ब्लॉक समिति सदस्य तथा लगातार 15 वर्षों तक पंचायत प्रधान के रूप में कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों रहा। उन्होंने कहा कि हर चुनाव, हर चुनौती और हर महत्वपूर्ण निर्णय में ग्राम पंचायत दडूही की जनता ने उनका साथ दिया, उसी सहयोग से वे लोगों की मूलभूत सुविधाओं, सामाजिक समरसता और विकास कार्यों को आगे बढ़ा पाईं।
उषा बिरला ने बताया कि उनके कार्यकाल में वर्ष 2011 में ब्लॉक स्तर पर महर्षि बाल्मीकि पुरस्कार तथा वर्ष 2021 में राष्ट्रीय स्तर पर बाल हितैषी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायती सशक्तिकरण पुरस्कार प्राप्त होना पूरे दडूही पंचायत के लिए सम्मान की बात है।
ये भी पढ़ें:हिमाचल: दो साल में करवाना होगा पर्यटन इकाइयों का नवीनीकरण, प्रस्ताव तैयार
उन्होंने यह भी कहा कि 15 वर्षों के कार्यकाल में कुछ विकास कार्य भूमि विवादों के कारण पूरे नहीं हो पाए, जिसका उन्हें व्यक्तिगत रूप से खेद है, लेकिन उन्होंने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा से प्रयास किए। उन्होंने अपने साथ कार्य करने वाले सभी उप प्रधानों, वार्ड सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, तकनीकी सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से पंचायत में विकास कार्य संभव हो सके।
उन्होंने अपने समर्थकों, शुभचिंतकों के साथ-साथ अपने आलोचकों का भी धन्यवाद किया और कहा कि उनके सुझावों और आलोचनाओं ने ही उन्हें बेहतर निर्णय लेने की प्रेरणा दी। अब जबकि ग्राम पंचायत दडूही नगर निगम का हिस्सा बन चुकी है, उषा बिरला ने कहा कि वे सक्रिय राजनीति से जुड़ी थीं, जुड़ी हैं और आगे भी जनता की सेवा के लिए जुड़ी रहेंगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि जैसे पहले जनता ने उन पर भरोसा जताया, वैसे ही भविष्य में भी सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा। अंत में उन्होंने एक बार पुनः ग्राम पंचायत दडूही की समस्त जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
Author: Polkhol News Himachal









