

ब्रेकिंग : पहले ट्रक को मारी टक्कर फिर मकान की दीवार तोड़ी कोहली के पास तड़के हादसा, चालक घायल – नशे में होने का आरोप
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
शिमला–मटौर राष्ट्रीय मार्ग पर कोहली के समीप तड़के करीब साढ़े चार बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लकड़ी से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई और इसके बाद रिहायशी मकान की दीवार से जा भिड़ी । टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरक्षा दीवार समेत मकान की दीवारों को भारी नुकसान पहुंचा।
दीवारें टूटीं, इलाके में मचा हड़कंप
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में भरी लकड़ी सड़क पर बिखर गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी अन्य व्यक्ति की जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

चालक पर नशे में होने का आरोप
मकान मालिक पवन कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्राला चालक नशे की हालत में था। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष ने उठाए सवाल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस कर्मी करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इसके बाद वे चालक से हालचाल पूछने चले गए। जब पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची तो पीड़ित परिवार मुआवजे को लेकर समझौते की बात पर अड़ा रहा। पीड़ित का कहना है कि उन्हें हुआ नुकसान काफी अधिक है, जबकि प्रस्तावित मुआवजा बहुत कम बताया गया।

समझौते में निपटा मामला, शिकायत दर्ज नहीं
बताया जा रहा है कि यह स्थान पहले भी हादसों के लिए बदनाम रहा है और यह चौथा हादसा बताया जा रहा है। अंततः ट्राला चालक और पीड़ित पक्ष के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
इन्फो बॉक्स
स्थान: शिमला–मटौर मार्ग, कोहली के पास
समय: तड़के करीब 4:30 बजे

वाहन: लकड़ी से भरा वहां
नुकसान: मकान की सुरक्षा दीवार व दीवारें क्षतिग्रस्त
स्थिति: ट्राला चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
आरोप: चालक नशे में था, पुलिस मौके पर देर से पहुंची
Author: Polkhol News Himachal









