
ब्रिटिश संसद में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, हिमाचल के लिए गौरव का क्षण
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को उसके उत्कृष्ट और निःस्वार्थ जनकल्याणकारी कार्यों के लिए ब्रिटिश संसद (हाउस ऑफ लॉर्ड्स, लंदन) में अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान International Summit & Awards कार्यक्रम के अंतर्गत दिया गया, जिसमें विश्वभर से आई सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा क्षेत्र की विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया।
यह हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष गर्व की बात है कि जनसेवा के क्षेत्र में पहली बार प्रदेश की किसी संस्था को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्राप्त हुआ है। यह कार्यक्रम यूनाइटेड किंगडम की ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में आयोजित किया गया, जिसमें लॉर्ड्स, मंत्रीगण और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को यह सम्मान इक़बाल हुसैन मोहम्मद, ब्रिटिश सांसद तथा मार्क लीगो, ब्रिटिश लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ऑक्सफोर्ड लॉर्ड मेयर द्वारा प्रदान किया गया जहां कनिष्क नारायण भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद, लॉर्ड रावल सहित अन्य विभूतियां भी मौजूद रही। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा यह सम्मान ग्रहण करने विशेष रूप से लंदन पहुंचे।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की नींव पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद वर्ग की निःस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ रखी थी। उनकी दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन ही आज ट्रस्ट की पहचान और मजबूती का आधार है। वर्तमान में ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप, महिला सशक्तिकरण, खेल गतिविधियों का प्रोत्साहन तथा आपदा के समय बिना किसी सरकारी या निजी सहायता के सेवा कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान विशेष रूप से ट्रस्ट द्वारा वर्षों से आयोजित किए जा रहे निःशुल्क मेडिकल कैंपों और व्यापक जनसेवा कार्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है, जिनसे हजारों जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिला है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के ऑपरेशन और विशेष उपचार का खर्च भी ट्रस्ट स्वयं वहन करता है।
अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि इस सम्मान का श्रेय केवल संस्था या किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी समाजसेवियों, चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं को जाता है, जो वर्षों से निःस्वार्थ भाव से ट्रस्ट के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ट्रस्ट को भविष्य में और अधिक ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा के कार्य करने की प्रेरणा देगी।
यह सम्मान न केवल सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और यह सिद्ध करता है कि निःस्वार्थ सेवा की पहचान आज वैश्विक स्तर पर भी हो रही है।

Author: Polkhol News Himachal









