

बजट सत्र 2026 का आग़ाज़ 28 जनवरी से, 1 फरवरी को पेश होगा मोदी 3.0 सरकार का तीसरा पूर्ण बजट
पोल खोल न्यूज । नई दिल्ली
संसद का बजट सत्र 2026 आगामी 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने से होगी। इसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी (रविवार) को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा और मोदी 3.0 सरकार का तीसरा पूर्ण बजट माना जा रहा है। बजट ऐसे समय में पेश होगा जब देश 7.4 प्रतिशत की विकास दर और वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चित जियो-पॉलिटिक्स के दौर से गुजर रहा है।
बजट सत्र के दौरान 28 जनवरी और 1 फरवरी को लोकसभा में कोई प्रश्नकाल नहीं होगा। वहीं राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 2 से 4 फरवरी तक तीन दिन तय किए गए हैं।
बजट सत्र से पहले सरकार ने विधायी और अन्य एजेंडों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार यह बैठक संसद भवन एनेक्सी के मेन कमेटी रूम में रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में होगी, जिसमें 35 से अधिक राजनीतिक दलों के सांसदों के शामिल होने की संभावना है।
बजट 2026 से प्रमुख अपेक्षाएं
- TDS की दरों में कमी और टैक्स ढांचे को अधिक तर्कसंगत बनाने की उम्मीद
- कस्टम्स रिजीम में सरलता, फंसे हुए 1.53 लाख करोड़ रुपये के अनलॉक के लिए माफी योजना
- वित्त वर्ष 2026-27 से डेट-टू-GDP अनुपात घटाने पर फोकस
- वैश्विक तनाव को देखते हुए रक्षा बजट में बढ़ोतरी की संभावना
- 8वें वेतन आयोग को लेकर प्रावधान, 1 जनवरी 2026 से लागू होने की उम्मीद
- 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार राज्यों को करों का हस्तांतरण
- MSME, रत्न-आभूषण, रेडीमेड वस्त्र और चमड़ा उद्योग को प्रोत्साहन
- लिथियम, कोबाल्ट और रेयर अर्थ मेटल्स की खोज व प्रसंस्करण के लिए अतिरिक्त फंडिंग
कुल मिलाकर, बजट 2026 से आर्थिक सुधारों को गति देने, निवेश बढ़ाने और वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की आर्थिक मजबूती को और सुदृढ़ करने की उम्मीदें लगाई जा रही हैं।


Author: Polkhol News Himachal









