best news portal development company in india

आज भी बारिश-बर्फबारी की संभावना, कालका-शिमला ट्रैक पर पेड़ – पत्थर गिरने से ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ा असर

SHARE:

आज भी बारिश-बर्फबारी की संभावना, कालका-शिमला ट्रैक पर पेड़ – पत्थर गिरने से ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ा असर

पोल खोल न्यूज़ | सोलन

बारिश और बर्फबारी के बीच कालका-शिमला विश्व धरोहर ट्रैक पर पेड़ और पत्थर गिरने से ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। सनवारा, कुमारहट्टी और जतोग के जंगलों में ट्रेनों की आवाजाही काफी देर तक रुक गई। इसके कारण तीन ट्रेनें तीन से चार घंटे देरी से शिमला रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जबकि एक ट्रेन एक घंटे लेट हुई।

बता दें कि हिमालयन क्वीन को कालका से शिमला के लिए 35 मिनट की देरी से रवाना किया गया, लेकिन यह ट्रेन सनवारा के जंगलों में करीब 30 मिनट तक फंसी रही। ऐसे में शिमला पहुंचते-पहुंचते यह ट्रेन भी करीब एक घंटा लेट हो गई। देरी से शिमला पहुंचने के बाद डाउन ट्रेनें भी देरी से रवाना की गईं। रेलवे बोर्ड ने मौसम को देखते हुए ट्रेनों को री-शेड्यूल भी किया। पेड़ और पत्थर गिरने के बाद रेलवे टीम ने मुस्तैदी से काम किया और ट्रेनों में सवार यात्रियों को सुरक्षित शिमला पहुंचाया।

ये भी पढ़ें :हिमाचल में बर्फबारी, 5 NH समेत 563 सड़कें बंद, सैकड़ों गांवों में ब्लैकआउट

हालांकि, ट्रेनों के फंसने और काफी देर तक स्टेशन पर खड़े रहने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को ट्रेनें खचाखच भरकर शिमला की ओर रवाना हुईं। सुबह सबसे पहली 52457 कालका-शिमला एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 3:30 बजे निर्धारित समय पर शिमला के लिए निकली। यह ट्रेन धर्मपुर से कुमारहट्टी के बीच करीब 50 मिनट तक फंसी रही और करीब एक घंटा देरी से शिमला रेलवे स्टेशन पर 9:50 बजे पहुंची। इसके बाद 52451 शिवालिक एक्सप्रेस सुबह 5:45 बजे शिमला के लिए चली, लेकिन धर्मपुर, बड़ोग और जतोग रेलवे स्टेशन पर यह ट्रेन भी काफी देर तक रुकी रही और 4 घंटे देरी से शिमला पहुंची।

बताते चलें कि 52453 कालका-शिमला एक्सप्रेस कुमारहट्टी और जतोग में फंसी रही और यह ट्रेन 3.30 घंटे देरी से शिमला पहुंची। 52459 कालका-शिमला एक्सप्रेस तारोदेवी रेलवे स्टेशन पर करीब 3.27 घंटे रुकी रही। वहीं, 52455 हिमालयन क्वीन ट्रेन सुबह 11:55 बजे की बजाय 12:30 बजे शिमला की ओर निकली और हॉलीडे स्पेशल ट्रेन भी निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से 3:35 बजे कालका से शिमला की ओर रवाना हुई। शिमला से चलने वाली 52458 शिमला-कालका एक्सप्रेस सुबह 10:55 बजे की बजाय 3.55 घंटे देरी से 2:50 बजे रवाना हुई। इसके बाद आने वाली अन्य ट्रेनें भी करीब 2 से 3 घंटे की देरी से कालका की ओर रवाना हुईं।

वहीं, रेलवे मंडल अंबाला के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण ट्रैक पर पत्थर और पेड़ों के गिरने से ट्रेनें देरी से शिमला पहुंचीं। शिमला में देरी से पहुंचने के बाद कालका की ओर डाउन ट्रेनों में भी देरी हुई।

हिमाचल में मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के मैदानी, निचले पर्वतीय क्षेत्र और मध्य पर्वतीय क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने वाला है। वहीं, उच्च पर्वतीय क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 27 जनवरी को भी प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश/बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 26 और 28 जनवरी को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी के आसार हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now