

हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी शिमला समेत सभी ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे लंबे समय बाद सूखे से राहत मिली है और लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। हिमाचल में आज तीन जिलों चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आज ऊंचाई वाले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पूरा दिन बर्फबारी की संभावना है। जबकि निचले व मैदानी इलाकों में बारिश होगी।
शिमला जिले के ऊंचाई वाले इलाकों रामपुर और नारकंडा में भी ताजी बर्फबारी हुई है। जिससे चलते नेशनल हाईवे-05 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। भारी बर्फ जमने के कारण नारकंडा और आसपास की सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन गई है. जिसके कारण एहतियातन यातायात को आंशिक रूप से रोका गया है। स्थिति को देखते हुए शिमला–रामपुर–नारकंडा मार्ग पर चलने वाली बसों को वैकल्पिक मार्ग बसंतपुर वाया भेजा जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित गंतव्यों तक पहुंचाया जा सके। इसके अलावा शिमला के ठियोग, जुब्बल सब डिविजन के खड़ापत्थर, चंबी, ढली और सिरमौर जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। भारी बर्फबारी के कारण शिमला में आईजीएमसी रोड और देहा चौपाल रोड़ को सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया गाय है।
वहीं, रामपुर बस अड्डा के प्रभारी स्वरूप ने बताया कि “सुबह के समय विभिन्न स्थानों के लिए बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं, लेकिन इन्हें पूरे रूट पर नहीं भेजा जा रहा है। जहां तक सड़क की स्थिति सुरक्षित पाई जा रही है, वहीं तक बसों का संचालन किया जा रहा है। आगे की स्थिति मौसम और सड़क की हालत को देखकर तय की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जा रहा है।
उधर, बर्फबारी के चलते प्रदेश में कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। कुल्लू की ओर जाने वाला प्रमुख सड़क मार्ग भी जलोढ़ी जोत के पास बर्फबारी के कारण बाधित हो गया है। इस मार्ग पर बर्फबारी होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सड़क बहाली के प्रयास जारी हैं, लेकिन लगातार ठंड और बर्फबारी के कारण कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। सड़क खुलने में अभी कुछ समय लग सकता है। बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे न सिर्फ सड़क यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि आम जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को प्रशासन की ओर से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, जिन यात्रियों को सफर करना बेहद जरूरी है, उन्हें मौसम और सड़क की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में आगामी दिनों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान, कोल्ड वेव का अलर्ट
कुल्लू-मनाली में भारी बर्फबारी का दौर जारी
वहीं, कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। पर्यटन नगरी मनाली में भी सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा उपमंडल बंजार के कई इलाकों में भी सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। कुल्लू जिले के निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है। पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते अटल टनल में भी 6 इंच तक बर्फबारी हो चुकी है। इसके अलावा लाहौल घाटी में भी सुबह से ही भारी बर्फबारी का दौर जारी है। जिसके चलते लाहौल घाटी में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। कई इलाकों में बिजली भी चली गई है।
वहीं, डीसी कुल्लू तोरुल एस रविश ने बताया कि “अटल टनल के साथ लगते इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते फिलहाल वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। जैसे ही घाटी में मौसम साफ होता है तो उसके बाद लाहौल की ओर वाहनों को रवाना कर दिया जाएगा। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है।”
वहीं, लंबे समय के बाद बारिश और बर्फबारी होने के चलते लोगों में काफी खुशी है कि बर्फबारी और बारिश न होने से कृषि और बागवानी क्षेत्र के जो काम रुके हुए हैं, वह सब अब दोबारा से शुरू हो सकेंगे।
मौसम को लेकर चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 26 जनवरी को प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। 23 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश/ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। साथ ही 23 जनवरी को ऊंची पहाड़ियों के एक दो स्थानों स्थानों पर भारी बारिश/ बर्फबारी की संभावना है। 23 जनवरी की सुबह चंबा, कुल्लू, लाहौल और स्पीति के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी के कई दौर होंगे, साथ ही एक या दो बार मध्यम/तेज बर्फबारी होने की भी बहुत संभावना जताई गई है। इन इलाकों में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि कांगड़ा, शिमला, मंडी और किन्नौर जिले में हल्की बूंदाबांदी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर के इलाको में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।

Author: Polkhol News Himachal









