
लाहौल में जम गई चंद्रा नदी, अटल टनल के पास दिखे कुदरत के अद्भुत नजारे
पोल खोल न्यूज़ | कुल्लू
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोत जमने शुरू हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के पास चंद्रा नदी और उसके साथ लगते नाले का पानी पूरी तरह ठोस बर्फ में तब्दील हो चुका है। घाटी का यह जमा हुआ रूप देश-दुनिया से पहुंच रहे पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वहीं, घाटी में इस बार बर्फबारी कम होने के कारण कई सैलानी शिंकुला दर्रे की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन जो आगे नहीं जा पा रहे, उनके लिए स्थानीय कारोबारी वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। व्यवसायी पर्यटकों को एटीवी के माध्यम से अटल टनल के वाम तट पर ले जा रहे हैं, जहां पिछले दिनों पड़ी बर्फ और जमी हुई नदी के खूबसूरत नजारे आज भी मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें :प्रो. धूमल से मिले शिक्षक प्रकोष्ठ के भाजपा प्रदेश सह-संयोजक रमेश रानौत
जमी हुई नदी और बर्फीली वादियों के बीच पर्यटक इन नजारों को अपने कैमरों और मोबाइल में कैद कर रहे हैं। सैलानियों की इस आमद से स्थानीय होमस्टे मालिकों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद घाटी में पर्यटकों की चहल-पहल से पर्यटन कारोबार खूब फल-फूल रहा है।
Author: Polkhol News Himachal









