
हरी झंडी के बाद ही अटक गई आवाहदेवी–चंडीगढ़ बस सेवा, टाइम टेबल विवाद में फंसी नई सुविधा
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
अवाहदेवी से चंडीगढ़ के लिए शुरू की गई नई बस सेवा इन दिनों पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। हरी झंडी दिखाकर जिस बस को जनता की सुविधा के नाम पर रवाना किया गया था, वह फिलहाल केवल ट्रायल बेस तक ही सिमट कर रह गई है। बताया जा रहा है कि इस सेवा का संचालन Himachal Road Transport Corporation (HRTC) और Chandigarh Transport Undertaking (CTU) के बीच टाइम टेबल को लेकर हुए विवाद के कारण अटक गया है।
जानकारी के अनुसार, सरकाघाट, धर्मपुर और भोरंज विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को इस अप-डाउन चंडीगढ़ बस सेवा से सीधा लाभ मिलना था। बिना पूरी तैयारी और आवश्यक औपचारिकताओं के ही बस को हरी झंडी दिखा दी गई, जबकि मीडिया और सोशल मीडिया पर इस नई सुविधा का जोर-शोर से प्रचार भी किया गया।
नतीजा यह है कि अब रोजाना यात्री बस स्टॉप पर घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन बस दिखाई नहीं देती। लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और सवाल उठ रहे हैं कि जब सेवा नियमित रूप से चलानी ही नहीं थी, तो इसका प्रचार क्यों किया गया।
ये भी पढ़ें :नशे के खिलाफ हमीरपुर पुलिस सख्त , कनौल/भोटा क्षेत्र में 13.83 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय लोगों की मांग है कि इस बस सेवा को टौणी देवी से शुरू किया जाए। यह बस वाया पट्टा–घुमारवीं फोरलेन होते हुए चंडीगढ़ के लिए एक बेहतर और तेज विकल्प साबित हो सकती है।
इस पूरे मामले पर HRTC के डिविजनल मैनेजर राज कुमार पाठक का कहना है कि आवाहदेवी–चंडीगढ़ नई बस सेवा को जल्द ही नियमित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि CTU के साथ टाइम टेबल और अन्य औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बताया गया था कि बस का निर्धारित समय सुबह 5:30 बजे आवाहदेवी से प्रस्थान और 9:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचने का था। वहीं, वापसी में बस सायं 3:20 बजे चंडीगढ़ से चलकर लगभग 7:45 बजे आवाहदेवी पहुंचनी थी। हालांकि, फिलहाल यह पूरी बस सुविधा बंद पड़ी है और लोग केवल आश्वासनों के सहारे हैं।
अब देखना यह होगा कि फाइलों के इस दफ्तरशाही दौड़ में आम जनता को राहत कब मिलती है और यह बहुप्रचारित बस सेवा वास्तव में सड़क पर कब उतरती है।
Author: Polkhol News Himachal









