
हिमाचल में आगामी दिनों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान, कोल्ड वेव का अलर्ट
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
मौसम विभाग ने हिमाचल में 19 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन प्रदेश में बीते 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल यानी 20 और 21 जनवरी को प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। वहीं, 22 जनवरी से मौसम करवट लेगा और प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू होगा। जिससे लंबे समय से ड्राई स्पेल की मार झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। खासकर किसानों और बागवानों के लिए ये राहत भरी खबर रहेगी।
वहीं, हिमाचल में ठंड के साथ-साथ कोल्ड वेव का अलर्ट भी जारी है। समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। खासकर निचले व मैदानी इलाकों में सुबह-शाम शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। वहीं, 22 और 23 जनवरी को प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के साथ कुछेए स्थानों पर बिजली चमकने और गर्जना होने की संभावना है। जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें :चीन सीमा तक आसान होगी आवाजाही, फोरलेन बनेगा शिमला-रामपुर हाईवे
वहीं, 22 जनवरी से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 जनवरी तक प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 22 जनवरी को ऊंचाई और मध्यम पर्वतीय इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 23 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है।
मध्यम पहाड़ी इलाकों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। जबकि निचले व मैदानी इलाकों में कुछेक जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 24 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी, मध्यम पर्वतीय इलाकों में कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। जबकि 25 जनवरी को सिर्फ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है।

Author: Polkhol News Himachal









