
एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना से सजी “संस्कृति’26”, एनआईटी हमीरपुर की टीम कालीकट रवाना
रजनीश शर्मा । हमीरपुर

एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर एवं एनआईटी कालीकट के संयुक्त तत्वावधान में “संस्कृति’26” नामक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 16 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना, सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देना तथा विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं के प्रति पारस्परिक समझ विकसित करना है।
इस शैक्षणिक–सांस्कृतिक पहल में भाग लेने हेतु एनआईटी हमीरपुर की 19 सदस्यीय छात्र टीम कल दोपहर संस्थान से रवाना हो चुकी है। इस दल में कशिश दत्त, आशुतोष त्रिवेदी, महक, ऋषि नेगी, मोनिका, आर्यन, मंडवा ऊषा लोकेश, श्रद्धा शर्मा, सेजलप्रीत कौर, दक्षित चौधरी, वंदित, सुषांत, सारिका, जशनप्रीत कौर, यशिता, कृतिका, राखी एवं देवांग शामिल हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनआईटी हमीरपुर के डीन (छात्र कल्याण) का मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है। कार्यक्रम का समन्वय फैकल्टी इंचार्ज डॉ. परम सिंह (यांत्रिकी विभाग) द्वारा किया जा रहा है। वहीं, डॉ. अमित बागे (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग) तथा डीन छात्र कल्याण कार्यालय के कर्मचारी श्री अक्षत शर्मा एवं श्री सुधीर शर्मा छात्र समूह के साथ रहकर कार्यक्रम के सुचारु संचालन में सहयोग करेंगे।
संस्कृति’26 कार्यक्रम का औपचारिक समापन 23 जनवरी 2026 को किया जाएगा। यह पहल न केवल एनआईटी हमीरपुर एवं एनआईटी कालीकट के मध्य शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी, बल्कि छात्रों में राष्ट्रीय एकात्मता, सांस्कृतिक संवेदनशीलता तथा भारत की विविध एवं समृद्ध विरासत के प्रति गहरी समझ विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Author: Polkhol News Himachal









