
शुभ मुहूर्त के इंतजार में तीन दिन ट्राले पर खड़ी रही एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस
पोल खोल न्यूज़ | सोलन
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की इलेक्ट्रिक बस इन दिनों सोलन में चर्चा का विषय बनी हुई है। हैदराबाद से सोलन पहुंची इलेक्ट्रिक प्रोटोटाइप बस को तीन दिनों तक ट्राले से नहीं उतारा गया। कभी बस को सेब मंडी के पास तो कभी एचआरटीसी वर्कशॉप के समीप खड़ा किया गया, क्योंकि अधिकारी शुभ मुहूर्त का इंतजार करते रहे।
सूत्रों के अनुसार निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देश थे कि शुभ मुहूर्त से पहले बस को ट्राले से न उतारा जाए। इसी कारण तीन दिन तक बस ट्राले पर ही लदी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक बस को देखने के लिए सेब मंडी क्षेत्र में पहुंचते रहे।
बुधवार देर शाम करीब सात बजे शुभ मुहूर्त के दौरान नारियल फोड़कर धार्मिक विधि-विधान के साथ बस को मिट्टी के ढेर पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। इसके बाद अब प्रदेश में इलेक्ट्रिक बस के ट्रायल शुरू किए जाएंगे। पहला ट्रायल शिमला में होगा, जिसके बाद सोलन सहित अन्य डिपो में इसका परीक्षण किया जाएगा।
ट्रायल सफल रहने पर रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। इसके आधार पर प्रदेश सरकार पहले चरण में लगभग 300 इलेक्ट्रिक बसों को हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में शामिल करने की योजना पर अमल करेगी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने प्रोफेसर धूमल से की शिष्टाचार भेंट
उल्लेखनीय है कि इलेक्ट्रिक प्रोटोटाइप बस सोमवार को हैदराबाद से सोलन पहुंची थी। सोमवार को ट्राला वर्कशॉप के पास खड़ा किया गया, जबकि बुधवार सुबह इसे सेब मंडी के पास ले जाया गया। दिनभर खड़े रहने के बाद देर शाम शुभ मुहूर्त में बस को ट्राले से उतारा गया।
एचआरटीसी सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि ट्रायल के लिए लाई गई इलेक्ट्रिक बस को शुभ मुहूर्त में ट्राले से उतारा गया है और जल्द ही इसके परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


Author: Polkhol News Himachal









