
धर्मशाला महाविद्यालय की छात्रा की दुखद मृत्यु पर राजपूत महासभा का शोक, निष्पक्ष जांच की मांग
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

राजपूत महासभा हिमाचल प्रदेश, महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा की दुखद एवं असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करती है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएँ प्रकट करती है। यह घटना न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक और दुःखद है।
राजपूत महासभा जिला हमीरपुर के महासचिव जोगिंदर ठाकुर द्वारा जारी संवेदना संदेश में गंभीर चिंता व्यक्त की गई है कि कुछ चंद राजनीतिज्ञ इस संवेदनशील और दुःखद घटना को अपनी राजनीति का रंग देने के लिए सरकार एवं पुलिस पर जातीय आधार पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय है।

सोशल मीडिया में उपलब्ध तथ्यों, छात्रा के परिवार तथा महाविद्यालय प्रशासन द्वारा दिए गए बयानों के अनुसार पुलिस ने मामले में अन्य छात्रों एवं संबंधित प्राध्यापक के विरुद्ध रैगिंग का प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। राजपूत महासभा इस कानूनी प्रक्रिया और पुलिस की निष्पक्ष कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करती है।
किसी भी बेटे या बेटी का अचानक चला जाना परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति होती है। ऐसी परिस्थितियों में यह अत्यंत आवश्यक है कि पुलिस, प्रशासन और सरकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करें तथा सभी पक्ष जांच एजेंसियों पर विश्वास बनाए रखें, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र और पूर्ण न्याय मिल सके।
ये भी पढ़ें:धर्मशाला: डिप्रेशन के बाद छात्रा की मौत, तीन छात्राओं-प्रोफेसर पर रैगिंग एक्ट में केस दर्ज

महासभा का स्पष्ट मत है कि जांच पूरी होने से पूर्व किसी भी संगठन या राजनीतिक दल को इस दुखद घटना को जबरन जातीय रंग देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। अपराध और अपराधी को जाति से जोड़ने वाले संगठनों की प्राथमिकता न्याय दिलाना कम और समाज को विभाजित कर राजनीतिक लाभ उठाना अधिक प्रतीत होती है। यदि वास्तव में उन्हें पीड़ा की चिंता होती, तो वे छात्रा के जीवित रहते समय सहायता के लिए आगे आते।
राजपूत महासभा को सभी जांच एजेंसियों की कार्यकुशलता, निष्पक्षता और ईमानदारी पर पूर्ण भरोसा है तथा आशा है कि वे किसी भी प्रकार के संगठनात्मक या राजनीतिक दबाव से मुक्त रहकर दूध का दूध और पानी का पानी करेंगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करेंगी।

Author: Polkhol News Himachal









