best news portal development company in india

हिमाचल : डिपुओं में सरसों का तेल सस्ता, उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत

SHARE:

हिमाचल : डिपुओं में सरसों का तेल सस्ता, उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

 

हिमाचल प्रदेश में नए साल की दस्तक के साथ ही आम जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नए साल में उपभोक्ताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरसों का तेल पहले से सस्ता मिलेगा। प्रदेश सरकार ने जनवरी महीने में डिपुओं के जरिए दिए जाने वाले सरसों के तेल के रेट अप्रूव कर दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से सप्लाई ऑर्डर जारी करते ही जनवरी महीने में उपभोक्ताओं को सरसों का तेल पहले के मुकाबले में सस्ते रेट पर मिलना शुरू हो जाएगा। जिससे खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को सीधा फायदा होगा। खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों ने लंबे समय से लोगों के घरेलू बजट को बिगाड़ रखा था, लेकिन अब तय किए गए नए अप्रूव्ड रेट पर सरसों तेल उपलब्ध कराए जाने से न सिर्फ रसोई का खर्च कम होगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी महंगाई से कुछ राहत मिलेगी।

ये भी पढ़ें :हिमाचल में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, अगले चार दिन ठंडी हवाएं चलने, बारिश और बर्फबारी की उम्मीद

वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल का कहना है कि सरकार ने सरसों के तेल का रेट अप्रूव कर दिया है। ऐसे में अब सरसों तेल के लिए सप्लाई ऑर्डर जारी किया जा रहा है, ताकि डिपुओं में उपभोक्ताओं को समय पर सरसों का तेल उपलब्ध कराया जा सके।

उचित मूल्य की दुकानों से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। महंगाई के दौर में अगले महीने सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को सरसों का तेल इस महीने की तुलना में 7 रुपये प्रति लीटर सस्ता मिलेगा। प्रदेश सरकार की ओर से अप्रूव हुए रेट के मुताबिक जनवरी महीने में BPL और APL दोनों ही श्रेणियों के परिवारों को सरसों का तेल 153 रुपए लीटर मिलेगा। वहीं, डिपुओं में अभी सरसों के तेल की कीमत 160 रुपए लीटर है। इसी तरह से APL टैक्स पेयर उपभोक्ताओं को भी सरसों का तेल 161 रुपए लीटर दिया जाएगा। इन परिवारों को अभी सरसों के तेल के लिए 168 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं।

बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत दिए जाने वाले सरसों के तेल की कीमत कम होने से 19 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ होगा। प्रदेश में कुल 19,57,440 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें 11,58,522 एपीएल परिवार, 60,840 एपीएल टैक्स पेयर, 2,76,628 बीपीएल, 3,01,825 पीएच और 1,59,624 एएवाई परिवार शामिल हैं। जिन्हें हर महीने डिपुओं के जरिए आटा, चावल सहित तीन किस्म की दालें, खाद्य तेल और नमक बाजार से सस्ते भाव पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को महंगाई से राहत मिल रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now