best news portal development company in india

हिमाचल में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, अगले चार दिन ठंडी हवाएं चलने, बारिश और बर्फबारी की उम्मीद

SHARE:

हिमाचल में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, अगले चार दिन ठंडी हवाएं चलने, बारिश और बर्फबारी की उम्मीद

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिन बादल छाने, ठंडी हवाएं चलने और बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। ऐसे में लंबे इंतजार के बारिश और बर्फबारी न सिर्फ किसानों और बागवानों को राहत मिल सकती है, बल्कि नए साल पर हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़ को भी पहाड़ों पर बिछने वाली बर्फ की सफेद चादर सुकून देगी। वहीं, बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ने वाला है।

हिमाचल प्रदेश में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। ऐसे में आज, मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, मंडी, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 31 दिसंबर को मैदानी क्षेत्रों वाले जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, कांगड़ा और मंडी के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

ये भी पढ़ें : AIIMS Bilaspur: जटिल बीमारियों की गुत्थी सुलझाएगी तेज प्रोटीन तरल क्रोमैटोग्राफी मशीन

इसी तरह से 1 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं, 2 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से ड्राई स्पेल जारी है।1 दिसंबर से 29 दिसंबर तक मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, इस दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश का आंकड़ा 34.5 मिलीमीटर बारिश का है। इस तरह से प्रदेश में दिसंबर महीने में अभी तक सामान्य से 99 फीसदी कम दर्ज की गई है, जिससे कृषि और बागवानी कार्य ठप पड़े हैं। पर्यटन कारोबार पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now