
ब्रेकिंग : बराड़ा के सपनेहड़ा में दराट से हमला, मानसिक रूप से अस्थिर आरोपी— ग्रामीणों ने कहा , ऐसा कुछ नहीं , अटेम्प्ट टू मर्डर केस में हो कार्रवाई , भोरंज थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
हमीरपुर जिला के भोरंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बराड़ा, गांव सपनेड़ा, तहसील टौणी देवी निवासी कुलबीर सिंह (पुत्र भाग सिंह)—जो दरबयार स्कूल में सुप्रिडेंट के पद पर कार्यरत हैं—पर उसी गांव के देवराज (पुत्र गंगाराम) ने देर रात दराट से जानलेवा हमला कर दिया।
आरोपी देवराज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है, और इसी मानसिक अस्थिरता के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने इस बात को सिरे से नकार दिया है। परिजनों ने आरोपी पर अटेम्प्ट टू मर्डर के तहत कड़ी कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। फिलहाल घायल व्यक्ति का मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर में उपचार चल रहा है।
हमले में कुलबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों व ग्रामीणों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल, हमीरपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवराज को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और मामले को क्राइम एंगल से देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, जिसमें आरोपी की मानसिक स्थिति की चिकित्सकीय पुष्टि भी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट, आरोपी से पूछताछ, और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में घटना के बाद से दहशत और चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।


Author: Polkhol News Himachal









