

नव वर्ष 2026 : उम्मीदों का हिमाचल, अपने हमीरपुर के विकास और बदलाव की नई कहानी
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
नव वर्ष 2026 को लेकर हिमाचल प्रदेश में हर वर्ग की निगाहें विकास, राहत और बेहतर सुविधाओं पर टिकी हैं। सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन, खेल, पर्यटन और प्रशासन—हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की मजबूत उम्मीदें जताई जा रही हैं।

एनएच-03 से बदलेगा हमीरपुर का सफर
उम्मीद है कि हमीरपुर से धर्मपुर कोटली तक बन रहा नया एनएच-03 वर्ष 2026 में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके पूरा होते ही हाईवे का सफर सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन जाएगा।
पक्का भरो में नया बस स्टैंड

हमीरपुर जिला मुख्यालय के साथ पक्का भरो में निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का कार्य भी 2026 में पूर्ण कर जनता को समर्पित किए जाने की उम्मीद है। इससे परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
कांगड़ा–शिमला हाइवे को मिलेगी रफ्तार

कांगड़ा–शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर हमीरपुर जिले के चील बहाल से कोहली तक का कार्य भी 2026 में पूरा होने की उम्मीद है, जिससे जिले की कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जोल सपड़ मेडिकल कॉलेज से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
जोल सपड़ में बन रहा नया मेडिकल कॉलेज व अस्पताल 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। इसके चालू होने से हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
नादौन में खेल और पर्यटन को बढ़ावा

नादौन में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम के पूरा होने की भी उम्मीद है, जिससे युवाओं को खेलों के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
इसके साथ ही पर्यटन विकास निगम के होटल तथा रिवर राफ्टिंग प्वाइंट पर भी 2026 में आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलने की संभावना है, जिससे पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
पंचायती राज चुनाव और प्रशासनिक मजबूती

प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव अप्रैल 2026 तक संपन्न होने की संभावना है। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं को गति और स्थानीय लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी।
कर्मचारियों–पेंशनरों को राहत की आस
2026 में कर्मचारियों और पेंशनरों को लंबित डीए की किश्तें व एरियर मिलने की उम्मीद है। साथ ही 2016 से बढ़े वेतन व भत्तों का एरियर भी सरकार द्वारा क्लीयर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चिट्टा मुक्त और सुरक्षित हिमाचल का संकल्प
प्रदेश की युवा पीढ़ी जिस तरह नशे के खिलाफ एकजुट हुई है, उससे 2026 में हिमाचल को चिट्टा मुक्त प्रदेश बनाने की उम्मीद मजबूत हुई है।
आपदा मुक्त, समृद्ध और सशक्त प्रदेश की कामना
अंत में सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि 2026 में हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रहेगा, जन-धन की हानि नहीं होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहित सुविधाएं और बेहतर होंगी तथा प्रदेश आर्थिक संकट से उबरकर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
नव वर्ष 2026—हिमाचल के साथ साथ जिला हमीरपुर के टौणी देवी, भोरंज , जाह्नू , बड़सर, सुजानपुर , रंगस, लदरौर, दियोटसिद्ध , लंबलू , भरेड़ी जैसे कस्बों के विकास, विश्वास और नई संभावनाओं का वर्ष बने, यही जन-आकांक्षा है।
Author: Polkhol News Himachal









